बरहज (देवरिया)। क्षेत्र के गौरा-कटइलवा ग्राम सभा की प्रधान ने तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी पर ग्राम सभा के बैंक खाते से फर्जी तरीके से हस्ताक्षर कर करीब सात लाख रुपये गबन करने का आरोप लगाया है।
ग्राम प्रधान शांति देवी ने मुख्य विकास अधिकारी को दिए पत्रक में कहा है कि निवर्तमान सचिव ने फर्जी हस्ताक्षर बनाकर अलग-अलग तिथि में बैंक से धन आहरित किया है। उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल 2017 को चेक संख्या 006453, 006454 से 95130, 113050 रुपये, एक मई को चेक संख्या 006461 से 92249 रुपये, 22 मई 2017 को चेक संख्या 006467, 006465, 006466 से 95160, 53000, 39850 रुपये, दो जून को चेक संख्या 006468, 006469 से 72249, 57000 हजार रुपये अलग-अलग लोगों के नाम से भुगतान करा लिया गया है। ग्राम प्रधान ने तत्कालीन सचिव से निकाली गई धनराशि का ब्यौरा मांगने पर आनाकानी करते हुए अनाप-शनाप शब्द बोलने का आरोप लगाया है। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार त्यागी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच कराई जा रही है।