रुद्रपुर। नगर में एक फाल्ट जोड़ने के लिए बिजली विभाग को 15 घंटे लग जा रहे हैं। विभाग नगर पंचायत से उधार की सीढ़ी मांग कर उसके आने का इंतजार कर बैठा रहता है। शुक्रवार की शाम नगर के खजुहा चौराहे पर तार टूट गया। विभाग नगर पंचायत से सीढ़ी मांग कर इंतजार में बैठा रहा। इस दौरान करीब एक हजार लोगों को उमस भरी रात काटकर गुजारनी पड़ी।
शनिवार की दोपहर नगर पंचायत से लिफ्ट मिलने के बाद तार जोड़ने पर बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। यहां बिजली विभाग के पास तार जोड़ने के लिए सीढ़ी और तार तक नहीं है। इसके अलावा रात में बिजली विभाग लाइनमैन देने से इंकार कर देता है। फाल्ट होने पर बिजली विभाग परेशान उपभोक्ताओं और जनप्रतिनिधियों से नगर पंचायत से लिफ्ट वाली सीढ़ी दिलाने की सिफारिश करने को बोलता है। ऐसे में नगर पंचायत के रहमोकरम पर नगर में फाल्ट बन रहा। अक्सर रात में फाल्ट होने पर बिजली विभाग नगर में कोई सुविधा नहीं मुहैया करा पा रहा। जिससे लोगों को गर्मी में बिजली बिना बेहाल हैं। उपभोक्ता नागेंद्र पटेल, रामाश्रय, श्रवण कुमार, सोमनाथ दूबे, कमलेश आदि ने कहा कि प्रदेश सरकार के बिजली देने को लेकर रुद्रपुर बिजली विभाग लापरवाह बना है। विभाग के पास कोई संसाधन नहीं है। इस बाबत अवर अभियंता वेदप्रकाश यादव ने कहा कि सीढ़ी, तार नहीं होने से फाल्ट बनाने में दिक्कतें आ रही हैं। समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया गया है।
नहीं रिसीव होता है अधिकारी का मोबाइल
रुद्रपुर। नगर की समस्याओं को लेकर परेशान लोग नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी से शिकायत करने को जब कॉल करते है, तो अक्सर उनका फोन रिसीव नहीं होता। शनिवार को फाल्ट जोड़ने के लिए लिफ्ट वाली सीढ़ी के लिए लोगों ने कई बार ईओ को फोन किया, पर उनका मोबाइल हमेशा की तरह रिसीव नहीं हुआ। नाराज लोगों ने एडीएम से शिकायत की।