रामपुर कारखाना। एसडीएम सदर राकेश सिंह सोमवार को सुबह दस बजे डुमरी स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। तीन चिकित्सक और नौ कर्मचारी गैरहाजिर मिले। इसके पूर्व में भी हुए निरीक्षण में चिकित्सक और कर्मचारी गैरहाजिर मिल चुके हैं।
उन्होंने गैरहाजिर डॉ. विपिन रंजन, डॉ. मधु जायसवाल, डॉ.जेके राय तथा कर्मचारी विशाल भाटिया, नंदनी सिंह, अमित दुबे, अभिलेख जायसवाल, रामनिवास यादव, चंद्रिका प्रसाद, मोतीचंद, अपर्णा जायसवाल और देवी गुप्ता की रिपोर्ट तैयार की। इसके बाद इंसेफेलाइटिस वार्ड का मुआयना करने पहुंचे। वार्ड की व्यवस्था देख दंग रह गए। वार्ड में बेड तो लगा था लेकिन बेड सीट गायब थी, जिस बेड सीट पर चादर बिछे थे वह बेहद मैले थे। बेड के बगल में छत से बरसात का पानी टपक रहा था। बिजली की व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की रिपोर्ट तैयार कर डीएम को सौंपने की बात कही।