रुद्रपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर का प्रशासन डीएम के आदेश पर भारी पड़ रहा है। अस्पताल में प्राइवेट व्यक्ति से इंजेक्शन लगाने पर मना करने के बाद भी वह फिर मरीजों का इलाज करते हुए सोमवार को देखा गया। आरोपी युवक को डीएम ने निरीक्षण के दौरान पकड़ कर चालान करा दिया था। जमानत के बाद वह फिर अस्पताल में मरीजों का इलाज करने में लग गया।
15 जून को डीएम सुजीत कुमार ने सीएचसी का निरीक्षण किया। इस दौरान सीएचसी परिसर में गंदगी था। डीएम की जांच में बाहरी युवक मरीज का इंजेक्शन लगाते हुए मिला। डीएम ने उसे पुलिस के हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने आरोपी लखन कुमार को शांतिभंग के आरोप में चालान करा दिया। डीएम ने सीएचसी के अधीक्षक डॉ. आरपी यादव को सरकारी अस्पताल में प्राइवेट व्यक्ति से इलाज नहीं कराने की हिदायत दी। अब सीएचसी प्रशासन डीएम के आदेश की अवहेलना कर रहा है। वह मरीजों को प्राइवेट व्यक्ति के हाथों इंजेक्शन लगवा रहा है। सोमवार को आरोपी युवक इमरजेंसी कक्ष में महिला मरीज को सुई लगा रहा था। पूछे जाने पर उसने कहा कि चिकित्सकों ने उसे मरीजों को दवा देने और सुई लगाने को कहा है। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. आरपी यादव ने मामले में पल्ला झाड़ लिया। उन्होंने कहा कि युवक को अस्पताल में कोई भी कार्य करने से मना कर दिया गया है। सोमवार की दोपहर बाद वह अस्पताल में नहीं थे। मामले की जांच कराई जाएगी।