देवरिया/भटनी। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के चलते ट्रेनों की लेटलतीफी थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को देवरिया सदर और भटनी जंक्शन से होकर गुजरने वाली वैशाली, लिच्छवी एक्सप्रेस समेत करीब 20 ट्रेनें कई घंटे की देर से पहुंचीं। इससे कड़ाके की ठंड में यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शीतलहर के साथ घने कोहरे ने ट्रेन की रफ्तार पर लगाम लगा दी है। खासकर दिल्ली, पंजाब, जम्मू से आने वाली ट्रेनें काफी देर से चल रही हैं। मंगलवार को नई दिल्ली–ललितग्राम वैशाली एक्सप्रेस पांच घंटे, आनंद विहार–सीतामढ़ी लिच्छवी एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे, मथुरा–छपरा एक्सप्रेस छह घंटे, अमृतसर–सहरसा जनसाधारण एक्सप्रेस तीन घंटे, मऊ जंक्शन–छपरा कचहरी पैसेंजर चार घंटे, मुंबई बांद्रा–गोरखपुर हमसफर एक्सप्रेस तीन घंटे, काठगोदाम–हावड़ा बाघ एक्सप्रेस ढाई घंटे, अमृतसर–कटिहार आम्रपाली एक्सप्रेस छह घंटे, गोहाटी–जम्मूतवी लोहित एक्सप्रेस ढाई घंटे तथा आनंद विहार–सहरसा पुरबिया एक्सप्रेस छह घंटे की देरी से पहुंची।
इसके अलावा नई दिल्ली–दरभंगा क्लोन एक्सप्रेस 12 घंटे, मुंबई–आजमगढ़ एक्सप्रेस तीन घंटे, वाराणसी–गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस दो घंटे, कोलकाता–गोरखपुर पूर्वांचल एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, गोरखपुर–संभलपुर मौर्य एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, बरौनी–एर्नाकुलम राप्तीसागर एक्सप्रेस पांच घंटे, सिवान–गोरखपुर पैसेंजर चार घंटे, छपरा–नौतनवा इंटरसिटी एक्सप्रेस दो घंटे तथा लखनऊ–वाराणसी कृषक एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से देवरिया सदर व भटनी जंक्शन पहुंची। बताया गया कि छपरा–नौतनवा इंटरसिटी, सिवान–गोरखपुर पैसेंजर, कृषक, राप्तीसागर और मौर्य एक्सप्रेस ट्रेनें पड़री रेलवे क्रॉसिंग पर एक बस के दुर्घटना के वजह से ट्रैक बाधित होने के कारण लेट हो गईं।
ट्रेनों के लेट होने से दोनों रेलवे स्टेशनों पर यात्री कड़ाके की ठंड में प्लेटफॉर्म पर परेशान नजर आए। स्टेशन अधीक्षक मनोज पांडेय ने बताया कि कोहरे के चलते ट्रेनें लेट हो रही है। मौसम साफ होने पर ट्रेनें निर्धारित समय पर चलेंगी।