देवरिया। शहर के रामगुलाम टोला मोहल्ले में खाली पड़े एक मकान को चोरों ने शुक्रवार की रात खंगाल दिया। 85 हजार रुपये नकदी समेत 20 लाख रुपये से अधिक का सामान चोर उठा ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। साथ ही सीसी फुटेज भी खंगाला। फुटेज के माध्यम से पुलिस अब चोरों तक पहुंचने में जुटी हुई है। बघौचघाट थाना क्षेत्र के ग्राम अहिरौली के रहने वाले योगेंद्र शाही की शहर के राम गुलाम टोला में मकान है। वह बिजली विभाग में लिपिक पद पर तैनात थे। रिटायर होने के बाद पिछले साल उनका निधन हो गया। जबकि उनकी पत्नी का कई साल पहले निधन हो चुका था। मकान पर उनकी बड़ी बेटी नीतू राय अपने बच्चों व छोटी बहन अंजू के साथ रहती हैं।
उनके दोनों भाई अपने परिवार के साथ बाहर रहते हैं। नीतू राय होली मनाने के लिए अपने ननिहाल खुखुंदू बृहस्पतिवार को चली गई। जबकि किरायेदार भी मकान में ताला जड़ कर घर चले गए। शनिवार की सुबह नीतू को बगलगीर ने फोन कर सूचना दिया कि छत के सीढ़ी का फाटक खुला हुआ है, वह मकान पर पहुंची तो अवाक रह गई। मकान के सभी कमरों का फाटक टूटा हुआ था और सामान बिखरे पड़े थे। मजबूत लाकर व चैनल को तोड़कर 85 हजार रुपये नकद, पांच लाख रुपये का सोना समेत लगभग 20 लाख का गहना चोर उठा ले गए थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जांच की और फुटेज खंगाला।