तरकुलवा। क्षेत्र में होली खेलने के दौरान कहीं रंग लगाने तो कहीं पुरानी रंजिश को लेकर छह गांवों में जमकर मारपीट हुई। इसमें दो महिलाओं सहित दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। थाना क्षेत्र के ग्राम नरायनपुर में रंग खेलने की बात को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई, जिसमें एक पक्ष के विजय साहनी व आनंद साहनी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष के सूरज यादव को भी चोट लगी है। मारपीट की दूसरी घटना बघड़ा महुआरी में हुई, जहां रंग लगाने को लेकर देवरानी-जेठानी के बीच मारपीट हो गई। इसमें बेबी देवी पत्नी लड्डू व रेनू देवी पत्नी छोटे घायल हो गईं।
उधर वृंदावन गांव में लगाने से मना करने को लेकर राम नारायन शर्मा को लाठी-डंडे से मारपीट दिया गया, जिससे उनका सिर फट गया। गढ़रामपुर में हुई मारपीट में केदार गुप्ता का सिर फट गया, जबकि इसी गांव के अनूप पटेल के सिर पर गंभीर चोट लग गई है, बेहोशी की हालत में उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया है। वहीं होली के हुड़दंग में मदारीपट्टी के अनमोल यादव की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी, जिससे उसका हाथ फट गया, जबकि लक्ष्मीपुर में मदन गोंड का हाथ फट गया है।