पासपोर्ट के लिए रिश्वत मांगने पर एसपी ने दो सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया। जबकि इलाके में जुआरियों के पकड़े जाने पर हल्का दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया। कार्रवाई के बाद महकमे में खलबली मच गई है। तीनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू करा दी गई है।
रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के रहने वाले दो लोगों ने पासपोर्ट के नाम पर रिश्वत मांगने की शिकायत एसपी के वाट्सएप पर की गई थी। शिकायतकर्ता ने बाकायदे सबूत भी दिया। एसपी प्रभाकर चौधरी ने पूरे मामले की जांच कराई जिसमें सिपाही घनश्याम चौबे और महबूब नाम के दो सिपाही रिश्वत मांगने के दोषी पाए गए।
रिपोर्ट मिलने के बाद एसपी ने दोनों सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच बैठा दी। इसी तरह भटनी थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह यादव ने मुखबिर की सूचना मिलने पर एक घर में हो रहे जुआ का भंडाफोड़ किया। इनकी पहचान कस्बे के रमाकांत वर्मा, वीरेन्द्र गुप्ता और दीपक के रूप में हुई।
मौके से 11 हजार पांच सौ रुपये बरामद हुए। पूरे मामले में हल्का इंजार्च उप निरीक्षक अवधेश यादव की भूमिका संदेह के घेरे में रही। एसओ की रिपोर्ट के बाद दरोगा अवधेश यादव को लाइन हाजिर कर दिया। एसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि तीनों के खिलाफ विभागीय जांच भी कराई जा रही है। जुआ खेलने वालों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।