.....
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर/बलिया। लोकसभा चुनाव को लेकर कलक्ट्रेट में तीसरे दिन बृहस्पतिवार को सलेमपुर संसदीय क्षेत्र के लिए नामांकन दाखिल करने का कार्य हुआ। सलेमपुर से दो प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं, सलेमपुर के लिए पांच निर्दलीय व राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों या उनके प्रतिनिधियों ने नामांकन पत्र लिया।
सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र से बसपा के भीम राजभर ने प्रस्तावक प्रभाचंद व हरिश्चंद्र के अलावा सत्यप्रकाश साहू, ओमप्रकाश भारती के साथ रिटर्निंग ऑफिसर ओजस्वी राज के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके अलावा अखिल भारतीय सर्वजनहित पार्टी के नारायण मिश्र ने भी रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान कलक्ट्रेट परिसर के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। मुख्य गेट पर लगे मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही प्रत्याशी व प्रस्तावकों को अंदर जाने दिया गया। नामांकन को लेकर कलक्ट्रेट में नामांकन स्थल पर जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरा का भी इंतजाम रहा।