सर्पदंश और विद्युत स्पर्शाघात से महिला समेत दो की मौत
खुखुंदू के तिलौली उर्फ डेहरी और धनौती गांव की है घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। स्थानीय थानाक्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में सर्पदंश और विद्युत स्पर्शाघात से एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। उधर महिला के शव का पोस्टमार्टम कराकर दाह संस्कार कर दिया गया। जबकि दूसरे शव को बिना किसी को सूचना दिए ही अंतिम संस्कार कर दिया गया।
तिलौली उर्फ डेहरी गांव निवासी निर्मला देवी (37) पत्नी चन्द्र प्रकाश कन्नौजिया मंगलवार की दोपहर अपने खेत में घास काट रही थी। इसी दौरान जहरीले सर्प ने काट लिया। घर आने पर मुंह से झाग निकलने लगा। परिवारवाले आनन-फानन में अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हालांकि इसके बाद भी परिजन इधर-उधर झाड़ फूंक के लिए लेकर दौड़ते रहे। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं, धनौती गांव में बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात कुछ युवक डोल रखने की तैयारी कर रहे थे। उसी समय गांव के ऋषिकांत यादव (22) पुत्र रमेश यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में विद्युत स्पर्शाघात से जख्मी हो गया। घटना के बाद परिवारवाले आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर हुई इस घटना से हर कोई मर्माहत है। ऋषिकांत के परिवार में कोहराम मचा है। एसओ श्यामसुंदर तिवारी ने बताया कि मौत की किसी ने सूचना नहीं दी है। पता कराता हूं।
जॉगिंग करने गए युवक को सर्प ने डसा, मौत
सोनाड़ी। स्थानीय गांव निवासी राहुल जायसवाल (20) पुत्र मोहन जायसवाल को विषैले सर्प ने डस लिया जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह सुबह कुछ युवकों के साथ दौड़ने गया था। सोनाड़ी गांव निवासी मोहन जायसवाल के दो संतानों में सबसे छोटा राहुल है। वह गुजरात में दिहाड़ी मजदूरी करता था। परिजनों का कहना है कि कोरोना संकट में लॉकडाउन के दौरान वह गांव आया था। सुबह करीब साढ़े चार बजे वह दौड़ने गया था जहां उसका पैर सर्प के ऊपर पड़ गया जिसे सर्प ने डस लिया था। राहुल की मौत से घर में कोहराम मच गया है।