सिर्फ 25 प्रतिशत उपभोक्ता ही जमा कर रहे बिजली बिल
घाटे में चल रहे ग्रामीण क्षेत्र के सभी सब स्टेशन
शासन से चोरी रोकने का कड़ा आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
रुद्रपुर। बकाया बिलों के बोझ से विद्युत विभाग की व्यवस्था चरमराने लगी है। विद्युत चोरी, कटिया कनेक्शन रोकने और बकाया बिलों की वसूली में विभाग पूरी तरह फिसड्डी साबित हो रहा है। रुद्रपुर क्षेत्र में सभी विद्युत सब स्टेशन अधिक हानि वाले स्टेशन घोषित किए गए हैं। यहां ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के सब स्टेशन से जुड़े उपभोक्ताओं में सिर्फ 25 प्रतिशत उपभोक्ता ही हर माह अपने बिजली का बिल का भुगतान कर रहे हैं।
घाटे में चल रही बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने को शासन से बकाया बिलों की वसूली, अवैध बिजली कनेक्शन और चोरी को रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उपनगर के रुद्रपुर सब स्टेशन पर तहसील फीडर से करीब पांच हजार उपभोक्ता जुड़े हैं। यह फीडर 62 प्रतिशत हानि में चल रहा है। यहां कम लोड का कनेक्शन लेकर अधिक बिजली की खपत की जा रही है। वहीं, रुद्रपुर उपखंड के चार फीडर को अधिक लाइन हानि और बिजली चोरी वाला फीडर चयनित किया गया है। इन फीडर से जुड़े विद्युत वितरण क्षेत्र में अभियान चलाकर लाइन हानि कम करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्र का मदनपुर फीडर 74 प्रतिशत हानि में चल रहा है। वहीं, साउथ और ईस्ट फीडर भी 73 प्रतिशत हानि में है। ग्रामीण क्षेत्र में बिजली बिल का कुल टर्नअप सिर्फ 12 प्रतिशत हो रहा है। अर्थात देहात क्षेत्र में कुल बिजली खपत का 12 प्रतिशत ही भुगतान हो रहा है। गौरीबाजार सब डिवीजन में प्रतिमाह सात करोड़ के बिजली बिल भुगतान के सापेक्ष सिर्फ 1.5 करोड़ रुपये ही जमा हो पा रहे हैं। बकाए बिल की वसूली और चोरी रोकने में नाकाम रहने वाले बिजली विभाग पर शासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शासन से लाइन हानि कम करने को 11 अगस्त से अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इस बाबत एसडीओ एके पॉल ने कहा कि विद्युत लाइन हानि कम करने को चल रहे अभियान के तहत बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। बड़े बकाएदारों की लाइन काट दी जाएगी। कम लोड लेकर अधिक बिजली खपत करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
दो पर बिजली चोरी का केस, 12 की लाइन कटी
रुद्रपुर। लाइन हानि रोकने को चल रहे अभियान के तहत मंगलवार को दो लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का केस दर्ज कराया गया। वहीं, 12 बड़े बकाएदारों की लाइन काटी गई। अवर अभियंता की तहरीर पर ग्राम नकटापार में लक्ष्मण निषाद और सुदर्शन यादव के विरुद्ध विद्युत चोरी में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। रुद्रपुर तहसील में अवर अभियंता मनीष प्रजापति ने 12 बड़े बकायेदारों की लाइन कटवा दी।
बिजली चोरी कर रहे तीन के खिलाफ तहरीर
लार। स्थानीय कस्बा में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी हो रही है। मंगलवार को विद्युत निगम टीम ने गहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नगर पंचायत लार बाजार वार्ड में तीन बिजली उपभोक्ताओं के यहां बाईपास कनेक्शन मिले। मीटर के आगे से ही केबल छीलकर मकान, दुकान में उपयोग कर बिजली की चोरी की जा रही थी। इस संबंध में अवर अभियंता रामअशीष ने बताया कि बिजली चोरी कर रहे तीन लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है।