छह पशुओं के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, एक फरार
तीनों के खिलाफ गोहत्या निवारण और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। पिकअप में लादकर वध के लिए बिहार ले जाए जा रहे छह पशुओं के साथ दो तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक तस्कर पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। पुलिस को यह सफलता मुखबिर के जरिए बुधवार की भोर में नूनखार के मकुनही के पास मिली। पुलिस ने चालक, वाहन स्वामी सहित तीनों तस्करों के खिलाफ गोहत्या निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर दो तस्करों को जेल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए तस्करों ने कुछ और लोगों के नाम पुलिस को बताए हैं। इसके बाद अब पुलिस क्षेत्र के अन्य पशु तस्करों को भी चिह्नित करने में जुटी है।
एसओ श्यामसुंदर तिवारी ने बताया कि बुधवार की भोर में एसआई मनोज यादव, शिवशंकर सिंह सहित अन्य हमराहियों के साथ नूनखार की तरफ गश्त में निकले थे। उसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप में गाय लादकर तस्कर नूनखार की तरफ जा रहे हैं। हम लोग नूनखार के मकुनही के पास पहुंचे। कुछ ही देर बाद एक पिकअप आती दिखाई दी। गाड़ी पास आने पर रोकने का प्रयास किया गया। इसके पहले ही चालक ने वाहन रोक लिया और पुलिस को आते देखकर चालक सहित तीन लोग बारी-बारी से कूदकर भागने लगे। दो को दौड़ाकर पकड़ लिया गया। जबकि एक अंधेरे का लाभ लेकर भाग निकला। पूछताछ में एक ने अपना नाम धर्मेंद्र और दूसरे ने सद्दाम अंसारी पुत्र मोहम्मद शशि अंसारी निवासीगण खुखुंदू बताया। जबकि फरार तस्कर की पहचान जमुना यादव निवासी बदली चक सराय बदलदास सदर कोतवाली के रूप में हुई। पकड़े गए तस्करों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि पिकअप में लादकर पशुओं को बिहार के सिवान ले जा रहे थे। तीनों के खिलाफ गोहत्या निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। चालक धर्मेंद्र और वाहन स्वामी सद्दाम को जेल भेज दिया गया। एसओ ने बताया कि सभी पशुओं को पशुपालकों के सपुर्द कर दिया गया। फरार चल रहे तस्कर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इसके अलावा कुछ और नाम भी सामने आए हैं। जांच-पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।