90 बोतल हरियाणा निर्मित शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
-गोंडा जीआरपी ने पकड़कर भटनी को सौंपा, भेजा जेल
भटनी। 90 बोतल हरियाणा में निर्मित शराब के साथ दो तस्कर बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिए गए। दोनों पर केस दर्ज कर जीआरपी ने जेल भेज दिया। दोनों बिहार के रहने वाले हैं। दो बड़े बैग में भरकर शराब बिहार ले जाने की फिराक में थे।
देवरिया स्टेशन से दो यात्री बैग लेकर अवध आसाम एक्सप्रेस में बैठे। ट्रेन में ड्यूटी कर रहे गोंडा जीआरपी के सिपाहियों की नजर उन पर पड़ी। शक होने पर दोनों यात्रियों के बैग तलाश ली गई तो शराब की बोतलें बरामद हुईं। दोनों को भटनी स्टेशन में ट्रेन से उतारकर जीआरपी को सौंपा गया। दोनों की पहचान बिहार प्रांत के बैशाली जिले के राजा पाकड़ निवासी पप्पू कुमार और मिथुन कुमार के रूप में हुई। दोनों ने ट्रेन के माध्यम से बिहार में शराब तस्करी करने की बात स्वीकार की है। इस संबंध में जीआरपी एसओ बृजेश मौर्य ने बताया कि गोंडा स्कोर्ट की टीम ने ट्रेन में सफर कर रहे दो तस्करों को शराब के साथ पकड़ा। दोनों को जेल भेज दिया गया है।