जब निकली शिवबरात, लोग हुए साथ
सोमनाथ मंदिर तक निकली बरात, जगह-जगह हुआ स्वागत
देवी-देवताओं के साथ शामिल हुईं भूत-प्रेत की झांकियां भी
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। शनिवार को देवभूमि पर राजा हिमाचल के दरबार की छटा दिखी। पेड़ा गली स्थित अग्रसेन अतिथि भवन से निकली भव्य शिवबरात में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। बरात में डीजे की धुन पर शहरवासी खूब झूमे। देवी-देवताओं के साथ भूत-प्रेत की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बरात देखने लोग घरों से निकले और फूल बरसाकर स्वागत किया। सोमनाथ मंदिर पहुंचकर बरात का समापन हुआ।
प्रात: नौ बजे बाबा सोमनाथ सेवा समिति के सदस्य व पुजारियों ने भगवान शिव को हल्दी लगाया। दोपहर बरात निकाली। इसमें महादेव के साथ ब्रह्मा, विष्णु व अन्य देवी-देवताओं की झांकी शामिल रही। ढोल-तासा के साथ चल रहा भूत-प्रेतों का झुंड आकर्षण का केंद्र रहा। बरात जिधर से गुजर रही थी, लोग शामिल होते जा रहे थे। अग्रसेन अतिथि भवन, पेड़ा गली, बजाजी रोड, स्टेशन रोड, तहसील रोड, सुर्तीहट्टा, अमर ज्योति चौराहा, कसया ढाला, श्याम मंदिर होते हुए बराती सोमनाथ मंदिर पहुंचे। रास्ते में लोगों ने उनका मीठे पकवानों से स्वागत किया। सोमनाथ मंदिर पर भंडारा हुआ। इस दौरान अशोक अग्रवाल, शंकर सरावगी, पवन मोदनवाल, शंखपाल सर्राफ, कृष्णमोहन गुप्ता, शिवकुमार गोयल, विनोद अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
आकर्षण का केंद्र रहा मयूर नृत्य
प्रयागराज से आए कलाकारों ने शिवबरात के माध्यम से देवभूमि पर देवताओं की कल्पना को साकार कर दिया। हनुमान जी की छवि में नजर आ रहे बजरंगी को देखते ही लोगों के शीश श्रद्धा से झुक रहे थे। आलोक श्रीवास्तव व उनकी टीम ने ब्रह्म, विष्णु, महेश व अन्य देवी देवताओं के रूप में श्रद्धालुओं को दर्शन दिए। भूत-प्रेत की झांकियों के अलावा मयूर नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। देवी-देवताओं के दर्शन कर लोग मयूर नृत्य बड़े चाव से देख रहे थे।