कार्यदाई संस्था ने नए निर्माण पर लगाई रोक
दोनों अस्पताल के सीएमएस को प्रभारी ने लिखा पत्र
शासन से स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य होगा शुरू
राजकीय निर्माण निगम कराएगा मेडिकल कॉलेज का निर्माण
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। जिला अस्पताल और महिला अस्पताल कैंपस में किसी भी तरह का निर्माण कार्य या मरम्मत नहीं कराया जाएगा। राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड कार्यदाई संस्था के प्रभारी ने सीएमएस को पत्र भेजकर ऐसा निर्देश दिया है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास हो चुका है। 50 करोड़ रुपये भी स्वीकृत हो गया है। शासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। मेडिकल कॉलेज निर्माण की जिम्मेदारी राजकीय निर्माण निगम को मिली है। कार्यदाई संस्था के प्रभारी अखिलेश कुमार ने बताया कि टेंडर की प्रक्रिया प्रगति पर है। मेडिकल कॉलेज के ले आउट को स्वीकृति के लिए भेजा गया है। शासन से अनुमति मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। ऐसे में जिला अस्पताल और महिला अस्पताल के सीएमएस को कार्यदाई संस्था के प्रबंधक ने पत्र भेजकर कैंपस में कोई नया निर्माण कार्य या मरम्मत नहीं कराने को कहा है। इस बाबत कार्यदाई संस्था के प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि नए भवन निर्माण कराने से मना किया गया है। ताकि बाद में किसी तरह की कोई असहज स्थिति उत्पन्न न हो।