फोटो समाचार...
-------------
सफरुद्दीन के हैट्रिक गोल से पथरदेवा को बढ़त
- जीआईसी, पीएन एकेडमी, जीवन ज्योति और एमपी पथरदेवा को बढ़त
- स्कूल इंडिया कप जिला फुटबॉल प्रतियोगिता का दूसरा दिन
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। स्कूल इंडिया कप जिला फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन जीआईसी देवरिया, पीएन एकेडमी, जीवन ज्योति स्कूल बैतालपुर और महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज पथरदेवा ने अपने मैच जीतकर बढ़त हासिल कर ली है। पथरदेवा की ओर से सफरुद्दीन ने लगातार तीन गोल दाग प्रतियोगिता में पहली हैट्रिक बनाई।
स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन फाउंडेशन और भारतीय खेल प्राधिकरण के समन्वय से रविंद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे नौ दिवसीय प्रतियोगिता में बुधवार को कुल चार मैच खेले गए। पहला मैच जीआईसी ए टीम और सरस्वती विद्या मंदिर के मध्य हुआ। इसमें दूसरे मिनट में ही उदित और 10 वें मिनट में अमित मल्ल के मैदानी गोल की मदद से जीआईसी ने 2-0 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। दूसरे मैच में पीएन एकेडमी ने प्राइमरी विद्यालय डुमरिया लाला को 2-0 से मात दी। इसमें खेल के 22वें मिनट में शमशाद अंसारी एवं 35वें मिनट में कमलेश ने गोल दाग टीम को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया। तीसरे मैच में जीवन ज्योति शिक्षा निकेतन बैतालपुर ने 3-0 के अंतर से बापू इंटर कॉलेज सलेमपुर को शिकस्त दी। विजयी टीम से 17वें, 30वें मिनट में आदित्य यादव एवं 35वें मिनट में मनीष यादव ने गोल दागा। दिन का अंतिम मैच महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज पथरदेवा और जीआईसी बी टीम के बीच हुआ। इसमें पथरदेवा टीम ने 20 वें मिनट में अफजल के गोल से 1-0 से बढ़त हासिल की। इसके बाद टीम के सफरुद्दीन के पैरों का जादू चला और 30वें, 32वें एवं 40वें मिनट में शानदार हैट्रिक गोल से उन्होंने बढ़त को 4-0 कर दिया। इसके पूर्व मुख्य अतिथि रहे उमेश धर द्विवेदी, विनय सिंह, अजय यादव ने खिलाड़ियों से परिचय कर मैच का शुभारंभ कराया।
---
इनसेट
आज इनके बीच होगा मुकाबला
- जीआइसी देवरिया ए बनाम प्राइमरी स्कूल डुमरिया लाला, सुबह 9.30 बजे।
- सरस्वती विद्या मंदिर बनाम पीएन एकेडमी देवरिया, सुबह 11 बजे।
- जीवन ज्योति शिक्षा निकेतन बनाम जीआईसी टीम बी, दोपहर 2 बजे।
- बापू इंटर कॉलेज सलेमपुर बनाम एमपी इंटर कॉलेज पथरदेवा, दोपहर 3.30 बजे।