देवरिया। बैतालपुर कस्बा स्थित मां शारदा उद्योग पर स्वॉट टीम ने छापामारी की। इसके बाद खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों की टीम पहुंच गई। पुलिस 1200 बोरी गेहूं कब्जे में लेकर जांच कर रही। इस दौरान मिल मालिक और दो अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
शुक्रवार की शाम को क्षेत्र भ्रमण में निकली स्वॉट टीम बैतालपुर कस्बे से डिपो की ओर जाते समय मां शारदा उद्योग पर एक ट्रॉली पर लदी गेहूं को सरकारी राशन होने के शक पर छापामारी कर जिले के आला अधिकारियों को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर जिलापूर्ति निरीक्षक बासुदेव तिवारी और एसएमआई नीरज तिवारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने 1200 बोरी गेहूं को कब्जे में ले लिया। इसके संचालित आटा उद्योग से सेंपलिग के लिए एक बोरी आटा और एक बोरी गेहूं भी साथ ले गए। पुलिस ने गौरीबाजार थाना बेलही तिवारी गांव निवासी मिल मालिक धर्मेंद्र गुप्ता और दो अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जिलापूर्ति अधिकारी बासुदेव तिवारी का कहना है कि शक के आधार पर पुलिस ने पकड़ा है। पकड़े गए गेहूं के किसी भी बोरे पर सरकारी टैग नहीं है। फिर भी जांच चल रही है। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। स्वॉट टीम प्रभारी अनिल यादव भी दल बल के साथ मौजूद रहे।