रुद्रपुर। डीएन इंटर कॉलेज के मैदान पर चल रहे राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में गुरुवार को अटैक स्पोर्टिंग ठूठीबारी महराजगंज और आईजी टीम मुजफ्फरनगर के बीच मुकाबला हुआ। रोमांचक मुकाबले में महराजगंज ने मुजफ्फरनगर को एक गोल से हराकर मैच जीत लिया।
आजाद क्लब की ओर से संचालित प्रतियोगिता में मैच का शुभारंभ शिक्षक नेता जयबहादुर गौतम ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। पहले राउंड के 17वें मिनट में महराजगंज के मनीष ने गोल मारकर टीम को एक गोल की बढ़त दिला दी। मुजफ्फरनगर के खिलाड़ियों ने महराजगंज के गोल पोस्ट पर कई बार आक्रमण किया, पर सफलता नहीं मिली। दूसरे राउंड के मैच में दोनों टीम एक दूसरे के गोलपोस्ट पर कई बार गोल करने का प्रयास किया, पर मजबूत रक्षा पंक्ति को पार नहीं कर पाए। मैदान पर खिलाड़ियों को आपस में खेल के दौरान जूझता देख दर्शकों में उत्साह बना रहा। इस दौरान जयराम पासवान, जन्मेजय मणि, प्रदीप यादव, अशोक पोद्दार, सज्जाक अली, कमलाकांत गुप्त, प्रेम तिवारी, गामा तिवारी, मारकंडेय निगम, सीताराम चौरसिया, विकास गौतम आदि मौजूद रहे।