रुद्रपुर (देवरिया)। सतासी इंटर कॉलेज के मैदान में सीएम योगी आदित्यनाथ के राहत वितरण कार्यक्रम के दौरान मंच गिरने को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। शुक्रवार को मंच बनाने में लगाए गए लोकनिर्माण विभाग के दो अभियंता और ठेकेदार के खिलाफ रुद्रपुर कोतवाली अभियोग पंजीकृत कराया गया।
25 तारीख को बाढ़ पीड़ितों में राहत वितरण करने को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम लगा था। सतासी इंटर कॉलेज के मैदान में सीएम के उतरने के लिए हैलीपैड और मंच बनाया गया। जिला प्रशासन की ओर से हैलीपैड और मंच बनाने की जिम्मेदारी लोकनिर्माण विभाग को दी गई। लोकनिर्माण विभाग की ओर से मंच बनाने का ठेका दिया गया। सीएम के आने के कुछ समय पहले कार्यक्रम स्थल पर बारिश शुरू हो गई। उस दौरान मंच पर कबीना मंत्री सूर्यप्रताप शाही, अनुपमा जायसवाल, राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद तथा भाजपा कई विधायक और सांसद मौजूद रहे। एकाएक मंच चरमराने लगा। मंच पर बैठे लोग किसी तरह जान बचा कर भागे। मंच धराशाई होने से सीएम का कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। कार्यक्रम के दौरान मंच व्यवस्था बिगड़ने से काफी किरकिरी हुई। डीएम ने जांच के उपरांत दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया। रुद्रपुर के तहसीलदार सूर्यभान गिरी की तहरीर पर पुलिस ने पीडब्लूडी के सहायक अभियंता, अवर अभियंता और ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही से निर्माण कार्य करने के आरोप में अभियोग पंजीकृत की। इस बाबत कोतवाली प्रभारी छोटेलाल ने कहा कि मामले केस दर्ज कर जांच हो रही है।