देवरिया। नगर पालिका क्षेत्र में जनगणना कार्य में आनाकानी करने वाले बेसिक शिक्षा विभाग के 19 कर्मियों पर कार्रवाई होगी। प्रशासन ने कार्रवाई के लिए कोतवाली पुलिस को पत्र लिखा है। इसके अलावा बेसिक शिक्षा विभाग से इन कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट मांगी है।
जिला जनगणना अधिकारी एवं एडीएम पंकज प्रकाश राठौर ने इसकी जानकारी दी है। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के कार्य चल रहे हैं। इस दौरान बेसिक शिक्षा विभाग के 19 कार्मिकों ने कार्यभार पत्र लेने से मना किया है। उन्होंने सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करने से भी इन्कार किया है। इससे जनगणना कार्यों के सुचारु संपादन में बाधा आ रही है। समयबद्ध कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
एडीएम पंकज प्रकाश राठौर ने इन कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश कर्मचारी आचरण नियमावली के तहत होगी।
इसमें विभागीय और अनुशासनात्मक कार्रवाई शामिल है। इसके अलावा जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 11 के अंतर्गत भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। संबंधित विभाग को की गई कार्रवाई की विस्तृत आख्या तुरंत उपलब्ध कराने को कहा गया है।