देवरिया। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का जन्मदिन कांग्रेसियों ने धूमधाम से मनाया गया। केक काटकर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। कहा कि राहुल गांधी किसानों और युवाओं के सच्चे हमदर्द हैं।
सोमवार को टाउनहाल स्थित पार्टी कार्यालय पर हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को राहुल गांधी द्वारा किसानों, युवाओं और कमजोरों के हक के लिए शुरू की गई लड़ाई को तेज करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के भविष्य हैं। कांग्रेस ने हमेशा कमजोरों, दलितों की लड़ाई लड़ी है। आगे भी यह लड़ाई लड़ी जाएगी। राहुल ने दलितों के घर भोजन कर यह संदेश दिया है कि सदियों से सामाजिक रूप से बहिष्कृत यही वर्ग वास्तव में इस देश के मालिक हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के अधिकार की लड़ाई लड़ते हुए राहुल ने देवरिया से दिल्ली तक किसान यात्रा की थी। किसानों की समस्याओं को लेकर सदन में मोदी सरकार को घेरा था। किसानों के कर्ज माफी के लिए सरकार पर दबाव बनाया था। इस दौरान सुयश मणि त्रिपाठी, अरविंद शाही, संदेश यादव, धर्मेन्द्र सिंह, जवाहर लाल चौहान आदि मौजूद रहे।