आसिफ इकबाल
देवरिया। केंद्र सरकार के पहल पर गुड्स एंड सर्विस टैक्स (जीएसटी) एक जुलाई से लागू हो जाएगी। व्यापारियों और आम जनता की भ्रांतियों को दूर करने के लिए भाजपा जनजागरण अभियान शुरू करेगी। इसके लिए विरोधी दलों के नेताओं को बुलाया जाएगा। जनता के बीच पैम्फलेट बांटे जाएंगे, जिसमें पूरा ब्योरा दर्ज रहेगा।
पीएम नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना जीएसटी कानून का रूप ले चुकी है। अब चंद दिनों में अमल शुरू हो जाएगा। सरकार का दावा है कि इसके लागू होने के बाद आम जनता को सस्ते कीमत पर सामान मिलेंगे। सामानों की कीमतों में एकरूपता रहेगी। पहले चरण में इसके लिए जीएसटी से छूट प्राप्त और दर की जानकारी दी जा रही है। अब दूसरे चरण में केंद्रीय मंत्रियों को संसदीय क्षेत्र के अलावा अन्य इलाकों में गोष्ठियों को संबोधित करना है। यह लोग जीएसटी के संबंध में लोगों के बीच व्याप्त भ्रांतियों को दूर करते हुए फायदे को गिनाएंगे। इसके साथ ही अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं को भी बुलाया जाएगा उनको भी समझाया जाएगा। जिससे कि राष्ट्र के निर्माण में उनका सहयोग मिल सके। केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने बताया कि दो जुलाई से जनजागरण अभियान शुरू होगा। प्रचार सामग्री पैम्फलेट जल्द ही उपलब्ध करा दिया जाएगा।