पूर्व सांसद रमाशंकर विद्यार्थी ने पीडितो के साथ प्रेसवार्ता किया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। सपा के राष्ट्रीय महासचिव रमाशंकर विद्यार्थी ने आरोप लगाया कि पुलिस निर्दोषों को फर्जी मामलों में फंसा रही है। जिसके पास भूमि नहीं है। उसे भू माफिया बना दिया जा रहा है। दुकान चलाने वालों पर गैंगेस्टर लगाया जा रहा है। पुलिस जुर्म के खिलाफ फरवरी में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
रविवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सात जुलाई को बनकटा थाने के सोहनपुर गांव में बृजेश चौरसिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वामपंथी दल के लोग हत्याकांड के पर्दाफाश के लिए दो माह से आंदोलन कर रहे है। पुलिस आज तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। रुद्रपुर थानाक्षेत्र के भृगुसरी गांव के इंद्रजीत निषाद की लाश चार दिसंबर को मिली थी। पत्नी का आरोप है कि हत्या की गई है। लेकिन पुलिस उसे दुर्घटना दिखाकर मामले की लीपापोती कर रही है। भूमिहीन विधवा लक्ष्मी के पुत्र गुलाब राजभर व सुभाष राजभर को गौरीबाजार पुलिस ने भू माफिया घोषित किया है। रामनाथ देवरिया के रहने वाले एक युवक कंप्यूटर चलाकर जीवन यापन करता है। उस पर गैंगेस्टर की कार्रवाई हुई है। जबकि उसके खिलाफ एक भी मुकदमे नहीं दर्ज हैं। पुलिस हिटलरशाही पर उतर आई है। वकीलों के आंदोलन को दबाने के लिए हर संभव प्रयास किया गया। वकील नर्वदा चौहान को पुलिस ने आकारण परेशान किया। पुलिस जुर्म के खिलाफ सपा चुप नहीं बैठेगी। आर पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।