रुद्रपुर। रामजी सहाय पीजी कॉलेज में दुर्व्यवस्था को लेकर छात्रों ने मंगलवार को हंगामा किया। उन्होंने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। छात्र नेताओं ने कोतवाली के सामने सड़क जाम कर दिया। हंगामा कर रहे छात्र नेताओं को एक घंटे तक पुलिस हिरासत में रखे रही।
कॉलेज की समस्याओं को लेकर आंदोलित छात्र नेताओं ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा को लेकर कॉलेज प्रशासन गंभीर नहीं है। हर कमरे में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाए। परिसर में बाहरी छात्रों के आने से पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है। कॉलेज प्रशासन बिना परिचय पत्र के किसी भी छात्र को परिसर में न घुसने दे। बाहरी छात्र कॉलेज कैंपस में अराजकता फैला रहे हैं। कॉलेज खुलने के तीन माह बाद भी पुस्तकालय से अब तक किताबें नहीं मिल हैं। कॉलेज के कमरों में गर्मी से राहत को पंखे तक की व्यवस्था नहीं है। समस्याओं को लेकर छात्र नेता नारेबाजी करते हुए कोतवाली गेट के सामने पहुंच सड़क जाम कर दिए। जिससे मुख्य बाजार में गए लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया। पुलिस ने छात्र नेताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने प्रबंधक से बातचीत करने के बाद छात्र नेताओं को कोतवाली से छोड़ दिया। प्रदर्शनकारियों में छात्रनेता विजय यादव, मनीष मिश्रा, जितेश यादव, शुभम गुप्ता, अंशु, सौरभ गुप्ता आदि मौजूद रहे।