खुखुंदू। डाक विभाग में आए दिन ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आ रहा है। ग्राहकों के खाते से रुपये की निकासी हो जा रही है। इसकी खबर तक ग्राहकों को नहीं लग पा रही हैं। इसी तरह का एक मामला गुरुवार को उप डाकघर खुखुंदू में प्रकाश में आया है। जैतपुरा गांव के भगवान गुप्ता के खाते से 50 हजार रुपये की निकासी हो गई। इसकी जानकारी खाताधारक को दो दिन पहले उस समय हुई, जब वह डाकघर में पासबुक पर ब्याज चढ़वाने गए।
खाते से रुपये की निकासी की जानकारी होते ही भगवान गुप्ता ने डाकपाल से मिलकर शिकायत की, मगर उसे नजर अंदाज कर दिया गया। दूसरे दिन उसने डाकपाल से कहा कि यदि निकासी की है तो विड्रॉल दिखा दीजिए। जब यहां सुनवाई नहीं हुई तो पीड़ित ने डाक निरीक्षक सलेमपुर से लिखित शिकायत की और थाने में भी तहरीर दी। मामला पुलिस में आने के बाद हरकत में आए डाककर्मियों ने आनन-फानन मे एकाउंट की गड़बड़ी बताकर उसके खाते में निकासी की गई धनराशि को पुन: रिटर्न कर दिया। डाकपाल अवधेश तिवारी ने बताया कि उप डाकघर खुखुंदू में उनकी तैनाती दो सप्ताह पहले हुई है। मामले की जानकारी होते ही पीड़ित के खाते में 50 हजार रुपये डाल दिया गया। उन्होंने कहा कि एकाउंट की गड़बड़ी से ऐसा हुआ है।