सलेमपुर। भटनी-वाराणसी रेलमार्ग पर लिच्छवी एक्सप्रेस से गिरकर एक युवती घायल हो गई। जीआरपी ने घायल युवती को सीएचसी में उपचार के लिए भर्ती कराया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। इसके कारण ट्रेन आधे घंटे तक स्टेशन पर रुकी रही।
कोतवाली क्षेत्र के डुमवलिया गांव निवासी लक्ष्मण तिवारी की बेटी सोनी तिवारी (20) वाराणसी की तरफ से बुधवार को लिच्छवी एक्सप्रेस से आ रही थी। सुबह 11 बजे ट्रेन सलेमपुर रेलवे स्टेशन के पहले पिपरा नाजिर गांव के पास पहुंची थी कि युवती ट्रेन से गिर गई। ट्रेन चालक ने युवती के गिरने पर ट्रेन रोक दी। घायल युवती को ट्रेन में लादकर रेलवे स्टेशन पर लाया गया। जीआरपी ने स्टेशन मास्टर के पास स्ट्रेचर के लिए किसी को भेजा, लेकिन स्टेशन मास्टर ने स्ट्रेचर नहीं दिया। जीआरपी के आरक्षी स्ट्रेचर के लिए स्टेशन मास्टर के पास पहुंचे। दोनों के बीच झड़प हुई, तब जाकर स्टेशन मास्टर ने स्ट्रेचर उपलब्ध कराया। घायल युवती को स्ट्रेचर पर लादकर सीएचसी ले जाया गया।