खुखुंदू (देवरिया)। अहिरौली गांव में 20 दिन के बच्चे को बीती रात कोई जानवर उठा ले गया। बच्चे को लेकर सो रही मां को भनक भी नहीं लगने पाई। मां की जब आंख खुली तो बच्चा गायब मिला। शोर करने पर घर के लोग जागे और खोजबीन की। सोमवार की सुबह बच्चे का क्षत-विक्षत शव नदी के किनारे मिली। आशंका जताई जा रही है कि किसी जानवर ने बच्चे को शिकार बनाया होगा। घटना के बाद गांववाले दहशत में हैं।
खुखुंदू, अहिरौली निवासी राजू गांव के बाहर छप्पर डालकर परिवार के साथ रहता है। रविवार की रात राजू की पत्नी संगीता अपने 20 दिन के बेटे के साथ छप्पर में सोई थी। रात में बच्चा गायब हो गया। रातभर परिवार के लोग बच्चे को खोजते रहे। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। घरवालों को अनहोनी की आशंका सताने लगी। सोमवार की सुबह गांव के लोग छोटी गंडक नदी के पास बच्चे का शव मिला। लोगों ने आशंका जताई कि कोई जानवर सोते वक्त बच्चे को उठा ले गया होगा। गांव के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी जबकि एसओ का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने पुलिस कर्मियों को भेजकर मामले को दिखवाने की बात कही।