प्रतापुर चीनी मिल के गेस्ट हाउस में चुनाव बैठक के दौरान मौजूद यूपी और बिहार के अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
प्रतापपुर। चीनी मिल गेस्ट हाउस में यूपी और बिहार के अफसरों की मीटिंग हुई। शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा चुनाव संपन्न कराने के लिए चर्चा की गई। एक दूसरे की मदद से सीमावर्ती इलाके के बदमाशों को गिरफ्तार करने पर अधिकारियों का विशेष जोर रहा। 17 स्थानों पर बनाए गए चेकिंग प्वाइंट से गुजरने वालों पर पैनी नजर रहेगा।
विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस-प्रशासन सतर्क है। रविवार को चीनी मिल पर पहुंचे अफसरों में बिहार के सिवान, गोपालगंज और देवरिया के अधिकारी और बॉर्डर के सभी थानेदार मौजूद रहे। तीनों जनपद के बॉर्डर थानाक्षेत्र के गांवों के फरार चल रहे बदमाशों को पकड़ने के लिए योजना बनाई गई।
खामपार, बघौचघाट, भटनी, बनकटा, भाटपाररानी और लार थाना क्षेत्र के बिहार बॉर्डर से गुजरने वाले 17 जगहों पर चेकिंग प्वाइंट बनाया गया। यहां तैनात पुलिसकर्मियों की नजर गुजरने वाले लोगों और वाहनों पर होगी। बॉर्डर के रास्ते होने वाले शराब और असलहा की तस्करी होने पर रोक लगाने की बात अधिकारियों ने कही। चुनाव के मद्देनजर कितने लोगों का पाबंद किया गया।
इस पर अधिकारियों ने चर्चा करते हुए थानेदारों से जवाब सवाल किया। इस दौरान एडीएम वीरेंद्र दोहरे, एसडीएम भाटपाररानी जयप्रकाश, एसडीएम सलेमपुर आरपी तिवारी, एएसपी एनके सिंह, भाटपाररानी सीओ बैजनाथ, सीवान और गोपालगंज के एसडीएम और सीओ समेत बॉर्डर के सभी थानेदार मौजूद रहे।