अभिनंदन के रिहाई पर लहराया तिरंगा
- रामलीला कलाकारों ने लोगों में भरा देशभक्ति का जोश
अमर उजाला ब्यूरो
बघौचघाट। विंग कमांडर अभिनंदन की रिहाई होने पर पूरे देश में जश्न का माहौल है। मेदीपट्टी में चल रही रामलीला में शुक्रवार की रात भी अभिनंदन की वतन वापसी का मुद्दा छाया रहा।
देश भक्ति गीतों पर कलाकारों के साथ पूरा पंडाल खूब झूमा। पथरदेवा के मेदीपट्टी में सांस्कृतिक संगम सलेमपुर के कलाकार रामलीला की प्रस्तुति दे रहे हैं। गुरुवार की रात कलाकारों ने मंच से लोगों में देशभक्ति का जोश भरा। मंच पर श्रीराम और सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुधन सहित सभी कलाकारों ने तिरंगा लहराना शुरू किया तो चारों तरफ भारत माता की जयकार गूंज उठी। उनके साथ पूरा जनसमूह भी जश्न में सराबोर था। राम की भूमिका में उपस्थित प्रभात मिश्र और सीता धानी गुप्ता ने कहा कि अभिनंदन पूरे देश के हीरो हैं। उनके रिहाई होने पर पूरे देश में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर वाईकृष्ण मूर्ति, मानवेंद्र त्रिपाठी, रिनी सिंह, सुरेंद्र श्रीवास्तव, देवेंद्र श्रीवास्तव, प्रमोद, गणेश मिश्र, प्रभुनाथ तिवारी आदि मौजूद रहे।