मजदूर की झोपड़ी में आग
बाल-बाल बचा परिवार
रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के रमौली गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। रामपुर कारखाना के रमौली गांव में मंगलवार की रात एक मजदूर की झोपड़ी में आग लग गई। भीतर सो रहा परिवार बाल-बाल बचा। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गांव में मंगलवार की रात रोहित का परिवार झोपड़ी में सो रहा था। इसी बीच किसी तरह आग लग गई। परिवार के सदस्यों ने किसी तरह जान बचाई। शोर-शराबा सुनकर जुटे गांव के लोगों ने आग बुझाई। आग से छप्पर में रखी दो साइकिल, धान, गेहूं, बर्तन आदि जल गए। रोहित मजदूरी करता है। राजस्वकर्मियों ने मौके पर जाकर क्षति का जायजा लिया। रामपुर कारखाना के एसओ विनय सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है।