मिड-डे मील में लागू होगा ‘बांदा मॉडल’
बेसिक शिक्षा परिषद के अपर मुख्य सचिव ने सभी डीएम को लिखा पत्र
मिड-डे मील लेने वाले हर छात्र का रजिस्ट्रर में कराया जाएगा हस्ताक्षर
सुनील कुमार सिंह
देवरिया। मिड-डे मील योजना में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए बेसिक शिक्षा परिषद ने कदम उठाया है। प्रदेश के हर जिले में मिड-डे मील योजना में बांदा मॉडल लागू किया जाएगा। बेसिक शिक्षा परिषद के अपर मुख्य सचिव ने सभी डीएम को पत्र लिखकर ऐसा करने का आदेश दिया है।
बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित विद्यालयों के साथ ही सरकारी सहायता प्राप्त, गैर सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूलों में जूनियर हाईस्कूल तक के बच्चों को मिड-डे मील देने की व्यवस्था है। शासन स्तर पर इसकी समीक्षा में पाया गया कि स्कूल के जिम्मेदार छात्रों की उपस्थिति संख्या अधिक दिखाकर इस योजना में फर्जीवाड़ा कर रहे हैं। इससे सरकार को चपत लग रही है। वर्षों से यह काम हो रहा है। इसे रोकने के लिए कोई प्रभावी उपाय नहीं हो रहा था। उधर, बांदा जिले में मिड-डे मील ग्रहण करने वाले छात्रों से रजिस्ट्रर में हस्ताक्षर कराया जाने लगा। इससे वहां पर मिड-डे मील में कोई धांधली नहीं हो रही है। बेसिक शिक्षा परिषद ने इसे पूरे प्रदेश में लागू करने का निर्णय लिया। अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा परिषद डॉ. प्रभात कुमार ने सभी जिलों के डीएम, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक और बीएसए को पत्र लिखकर मिड-डे मील योजना में बांदा मॉडल लागू करने का आदेश दिया है। इस मॉडल के लागू होने से मिड-डे मील योजना में कोई गड़बड़ी नहीं होने की उम्मीद है। मिड-डे मील योजना के रजिस्ट्रर में क्रम संख्या, छात्र, छात्रा का नाम, कक्षा और दिनांक सहित हस्ताक्षर का कॉलम बना हुआ है। इसे प्रत्येक दिन भरना होगा।
क्या है बांदा मॉडल
बांदा जिले में प्रयोग के तौर पर मिड-डे मील करने वाले छात्रों का एक रजिस्ट्रर में हस्ताक्षर कराया जा रहा है। कक्षा एक और दो के छात्र जो हस्ताक्षर नहीं कर पा रहे हैं, उनसे एक कोडवर्ड प्रतिदिन लिखवा दिया जा रहा है। इन छात्रों को हस्ताक्षर करने के लिए भी सिखाया जा रहा है। जिससे कोई दिक्कत न हो। अनुपस्थित रहने वाले छात्रों के कॉलम में स्कूल बंद होने से पूर्व लाल स्याही लगा दी जा रही है। यह प्रयोग धांधली रोकने में सफल रहा है। इसलिए इसे पूरे प्रदेश में लागू करने के लिए आदेश दिया गया है।
बांदा जिले की तरह मिड-डे मील योजना को संचालित करने का आदेश मिला है। इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मिड-डे मील करने वाले सभी छात्र-छात्राओं का रजिस्ट्रर में हस्ताक्षर कराया जाएगा और जो छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहेंगी, विद्यालय बंद होने से पूर्व उनके कॉलम में लाल स्याही लगा दी जाएगी।
- माधवजी तिवारी, बीएसए।