बौलिया पांडेय प्राथमिक विद्यालय पर पढते बच्चे।
- फोटो : अमर उजाला
भाटपाररानी। बनकटा ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बौलिया पांडेय में दूसरे दिन भी बच्चे दहशत में रहे। मंगलवार की घटना के बाद विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति कम रही। मिड-डे मील भी नहीं बना। अधिकांश बच्चे अपने घर से ही टिफिन लेकर पहुंचे। शिक्षक भी चौकन्ने नजर आए। घटना के बाद से ही अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। वह घटना के लिए विद्यालय प्रशासन की गैर जिम्मेदारी को ही मुख्य कारण बता रहे हैं। उधर, बालिका की करतूत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं जारी है। लोगों को अब भी यकीन नहीं हो रहा कि 13 साल की बच्ची ने इतनी बड़ी हरकत कर दी।
एक ही परिसर में स्थित प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय में 350 बच्चे नामांकित हैं। मंगलवार को यहां 167 बच्चे पहुंचे थे। इसमें से अधिकांश ने मिड-डे मील खा लिया था, तभी आठवीं की छात्रा की ओर से दाल में विषाक्त पदार्थ मिलाने की घटना उजागर हुई। बाकी बचे बच्चों को भोजन नहीं दिया गया। घटना के बाद जुटे ग्रामीणों ने विद्यालय में हंगामा मचाते हुए छात्रा व उसकी मां की पिटाई भी की थी। बुधवार को स्कूल खुला तो बच्चों की उपस्थिति काफी कम रही। दोनों विद्यालयों में महज 104 बच्चे ही पहुंचे थे। इनमें भी अधिकांश बच्चे घर से ही टिफिन लेकर आए थे। मीनू के अनुसार तहरी बनना था, लेकिन रसोई में चूल्हा नहीं जला। इसके लिए प्रधानाचार्य भृगुनाथ प्रसाद ने मंगलवार की घटना को लेकर व्यस्तता को कारण बताया। प्रधानाध्यापक ने माना कि घटना को लेकर बच्चे और अभिभावक सहमे हुए हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार से नियमित मिड-डे मील बनेगा। इसमें पूरी सतर्कता भी बरती जाएगी।
घटना को लेकर दो गांवों में गतिरोध
मिड-डे मील में विषाक्त पदार्थ मिलाने के मामले को लेकर दो गांवों के बीच गतिरोध उत्पन्न हो गया है। आरोपी छात्रा पड़ोस के कुटिया भर गांव की है, जबकि उसके छोटे भाई की हत्या में जिस बच्चे को बाल सुधार गृह में रखा गया है, वह बौलिया पांडेय गांव का है। बौलिया पांडेय के लोग एक स्वर में छात्रा की हरकत को लेकर गुस्से में है। उनका कहना है कि भाई की प्रतिशोध में छात्रा ने यह हरकत की। संयोग अच्छा था, वरना गांव का हर परिवारों में आज मातम मन रहा होता। उधर, कुटिया भर के ग्रामीणों का मानना है कि छात्रा ऐसी हरकत नहीं कर सकती। कुछ लोगों ने इस परिवार के साथ साजिश की है।
बाल सुधार गृह भेजी गई छात्रा
मिड-डे मील में विषाक्त पदार्थ मिलाने की आरोपी छात्रा को पुलिस ने बुधवार को बाल सुधारगृह भेज दिया। इससे पहले मंगलवार की रात उस पर केस दर्ज किया गया था। वहीं, छात्रा की मां को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। एसओ देवेंद्र यादव ने बताया कि प्रधानाध्यापक भृगुनाथ प्रसाद की तहरीर पर कार्रवाई की गई है। छात्रा को यह पदार्थ कहां से मिला है, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल दाल के नमूने की जांच रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है।