मेहरौनाघाट। इंदारा में एक मदरसा के छात्र का नकाबपोश बदमाशों ने शुक्रवार को अपहरण कर लिया। छात्र मदरसे से कुछ दूरी पर स्थित मस्जिद से नमाज पढ़कर वापस जा रहा था। बदमाश छात्र को इंदारा रेलवे स्टेशन के करीब छोड़कर चाय पीने चले गए। मौका देख छात्र स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में बैठ गया। रेलयात्री के मदद से लार थाने पहुंचा।
देवरिया के बैकुंठपुर निवासी इंदरीश अहमद का 13 वर्षीय बेटा शेराज इंदारा के चश्म फैज मदरसा में पढ़ता है। प्रत्येक शुक्रवार को कुछ दूरी पर स्थित मस्जिद में नमाज पढ़ने जाता था। वह मस्जिद से नमाज अदा कर मदरसा जाने लगा। कुछ दूरी पर गया था कि तभी नकाबपोश बदमाश बाइक से आ धमके और शेराज को जबरन बाइक पर बैठा लिए। छात्र ने शोर मचाया तो उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिए। उसे सुनसान जगह ले जाकर पीटने लगे। उसके बाद बदमाश इंदारा ंरेलवे स्टेशन के पास छात्र को छोड़कर चाय पीने लगे। मौके का फायदा उठाकर छात्र रेलवे स्टेशन पर भाग गया। वहां भटनी के तरफ आ रही पैसेंजर ट्रेन में बैठ गया। कुछ देर बाद सहमे छात्र ने बोगी में यात्रा कर रहे तकिया धरहरा गांव निवासी आदर्श भारती से आपबीती बताई। आदर्श छात्र को लेकर लार थाने में पहुंचा दिया। लार पुलिस परिजनों को इसकी सूचना देकर जांच में जुट गई। एसओ लार भीष्मपाल सिंह ने बताया कि छात्र के परिजनों को सूचना दी गई है।