देवरिया। रेलवे स्टेशन के इंक्वॉयरी का हाल भगवान भरोसे है। ट्रेन कब आएगी, इसके बारे में कोई बताने वाला नहीं मिला। सोमवार को दोपहर 12 बजे ताला लटक रहा था। जब रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों की भीड़ उमड़ी थी। ट्रेन की लोकेशन जानने के लिए आए यात्री नाराज दिखे। उन्होंने व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
बनरहा-बरियारपुर के रोहित ने बताया कि ट्रेन के बारे में जानने के लिए आया हूं, लेकिन कर्मचारी गायब हैं। ट्रेन कब आएगी इसके बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है। बखरा-गौरीबाजार के प्रभाकर पांडेय ने बताया कि सवारी गाड़ी का इंतजार कर रहा हूं। ट्रेन के आने में समय है। तहसील में कुछ काम है, ट्रेन की लोकेशन मिल जाती तो काम निपटा लेते। शाहपुर बेलवा के आशुतोष भी इन्क्वॉयरी रूम के बाहर खड़े थे। उन्हें लुधियाना जाना था। बरियारपुर के रहने वाले कमरूल होदा ने बताया कि ट्रेन के बारे में जानकारी नहीं मिल रही है। कर्मचारी गायब हैं। काफी देर से इंतजार कर रहा हूं, लेकिन कर्मचारी नहीं आए।