देवरिया। समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद और जिला सम्मेलन के मुख्य अतिथि रामुकिशुन यादव ने कहा कि भाजपा ने झूठ-फरेब बोलकर सत्ता हासिल की है। पांच महीने की प्रदेश सरकार के कार्य से जनता असंतुष्ट है। नोटबंदी, जीएसटी ने जनता को परेशान कर दिया, वहीं युवा बेरोजगारों की संख्या बढ़ती जा रही है।
सोनूघाट चौराहे पर आयोजित जिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता 2019 की तैयारी में लग जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है। हत्या, लूट, बलात्कार, अपहरण जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। अपराधी भयमुक्त और आम जनता त्रस्त है। पुलिस का मनोबल गिर गया है। किसान, नौजवान, अल्पसंख्यक और महिलाएं सभी बेहाल हैं। किसानों के साथ भाजपा ने छल किया है। प्रधानमंत्री ने दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन एक लाख लोगों को भी नौकरी नहीं मिली। सभा को पूर्व मंत्री रामाज्ञा सिंह चौहान, पूर्व विधायक गजाला लारी, मुक्तिनाथ यादव, सुरेश यादव, विधायक आशुतोष उपाध्याय बबलू, पूर्व जिलाध्यक्ष बाबूलाल यादव आदि ने संबोधित किया। इस दौरान रामप्रकाश यादव, संजय मल्ल, बेचूलाल चौधरी, अंबिका चौधरी, विजय रावत, धर्मवीर गुप्ता समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उमेश नारायण ने इस्तीफे की पेशकश की
कार्यक्रम में उपेक्षा से नाराज जिला उपाध्यक्ष उमेश नारायण शाही ने मंच से इस्तीफे की घोषणा कर दी। इस बाबत जिलाध्यक्ष रामइकबाल यादव से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह घर का मामला है। उन्हें समझा लिया जाएगा। लिखित में उन्होंने कुछ भी नहीं दिया है।