रुद्रपुर। खोपा गांव के लोगों ने एकौना पुलिस पर गांव में हो रही पूजा में खलल डालने का आरोप लगाया है। उन्होंने एसपी से मिलकर दोषी पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। गांववालों के अनुसार पुलिस ने दूरदराज से आए श्रद्धालुओं को लाठियों से पीटा और दो पहिया वाहनों को सीज कर दिया।
एकौना थाने के खोपा गांव में शुक्रवार को मल्लाह बिरादरी के लोग कुल देवता कोइलाबीर बाबा की पूजा का आयोजन किए थे। पूजा में दूरदराज के लोग शामिल हुए। आरोप है कि एकौना थानाध्यक्ष के साथ पूजा स्थल पर पहुंची पुलिस ने कुछ लोगों को पीटना शुरू कर दिया। पुलिस उनके दो पहिया वाहनों को उठाकर थाने ले गई। वाहन स्वामियों की बाइक को सीज कर दी। श्रद्धालुओं के उत्पीड़न से पूजा में खलल पड़ गया। खोपा के ग्राम प्रधान अशोक यादव, अनिल गुप्त, अनिरूद्ध चौधरी, अजय साहनी, राजकुमार साहनी, भरत साहनी सहित दर्जनों लोगों ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर एकौना पुलिस की शिकायत की। उन्होंने कहा कि पूजा में शांति व्यवस्था कायम करने के लिए पुलिस को पहले से सूचना दी गई थी। लेकिन पुलिस समय से नहीं आई। थानाध्यक्ष और उनके साथ आए सिपाहियों ने पूजा में आए दर्जनों श्रद्धालुओं के साथ बदसलूकी की। गांववालों ने दोषी पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस बाबत एकौना के थानाध्यक्ष आरपी सिंह ने कहा कि आरोप निराधार है। पूजा स्थल पर कोई विवाद नहीं हुआ। पूजा स्थल से दूर करहकोल में वाहन चेकिंग के दौरान करीब सात लोग नशे में धुत्त होकर गाड़ी चलाते मिले। वहीं एक पुलिया पर कुछ लोग शराब पी रहे थे। इन सभी लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।