सलेमपुर। बिजली का तार टूटने के कारण विद्युत उपकेंद्रों की सप्लाई ठप हो गई है। इससे नगर सहित करीब 500 गांव की आपूर्ति आठ घंटे तक प्रभावित रही। बिजली नहीं मिलने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों के प्रयास के बाद बिजली की सप्लाई चालू हुई। इसके बाद लोगों को राहत मिली।
नगर के तहसील और देहात विद्युत उपकेंद्र पर 132 बिजली वितरण घर से हाईटेंशन तार आया है। जमुआ नंबर दो गांव के समीप बुधवार को सुबह करीब नौ बजे बारिश के दौरान बांस गिर गया। इससे दोनों विद्युत उपकेंद्रों की आपूर्ति ठप हो गई। दो घंटे तक बिजली नहीं आई तो कुछ लोग विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचे और आपूर्ति चालू करने की मांग करने लगे। कर्मचारियों ने समझा बुझाकर लोगों को वापस भेजा। आधी या बारिश में अक्सर जमुआ नंबर दो के समीप मुख्य बिजली आपूर्ति की तार पर बांस गिर जाता है और बिजली आपूर्ति प्रभावित होती है। इसके बाद भी जिम्मेदार बिजली तार के पास मौजूद बांस को हटाने की जहमत नहीं उठाते है। बिजली नहीं मिलने नगरवासियों को पानी के लिए दिक्कतें झेलनी पड़ी। बारिश बंद होने के बाद पहुंचे बिजली कर्मचारियों बांस को काटकर किनारे किया और तार को ठीक करने के बाद आपूर्ति चालू हुई। इस बाबत एसडीओ ने बताया कि विद्युत उपकेंद्र पर आने वाली बिजली तार पर बांस गिरने के चलते आपूर्ति ठप थी। इसे ठीक कर बहाल कर दिया गया है।