कोतवाली के दरोगा समेत 161 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई
दीवानी न्यायालय के संक्रमित बाबू समेत दो की कोरोना से मौत
लखनऊ केजीएमयू और बस्ती मेंडिकल कॉलेज में चल रहा था इलाज
जिले में संक्रमितों की संख्या हुई 3169, अब तक 24 लोगों की कोरोना से हो चुकी मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। रविवार को 161 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। पुलिस लाइंस के आठ सिपाही और कोतवाली के एक दरोगा की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सदर कोतवाली को सैनिटाइज कराया गया। दीवानी न्यायालय के बाबू समेत दो लोगों की कोरोना से मौत हो गई है। कोरोना से संक्रमितों की संख्या 3196 हो गई है, जबकि 24 लोगों की कोरोना से अब तक मौत हो चुकी है।
पुलिस लाइंस के आठ सिपाहियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोतवाली में तैनात दरोगा को कई दिनों से खांसी और जुुकाम था। जांच में इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोतवाली को सैनिटाइज कराया गया। दरोगा कई लोगों के संपर्क में थे। लार क्षेत्र के पिंडी गांव के एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनके अंदर लक्षण भी हैं। इन्हें कोविड-19 अस्पताल में सेंट्रल एकेडमी में भर्ती कराया गया है। नेमा की एक महिला और इसके चार वर्ष के बच्चे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दीवानी न्यायालय के जेएम कोर्ट के बाबू कोरोना से संक्रमित थे। इलाज के दौरान बस्ती मेडिकल कॉलेज में इनकी मौत हो गई। इसके अलावा बैतालपुर के चतुर्भुजपुर गांव की रहने वाली एक संक्रमित महिला लखनऊ केजीएमयू में भर्ती थी। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस बाबत सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि संक्रमितों को होम आइसोलेशन किया गया है। दो लोगों की आज कोरोना से मौत हो गई।
फोटो समाचार
अस्पताल और ब्लॉक कार्यालय सील
रुद्रपुर। नगर में कोरोना का कहर दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। थाना, तहसील और अस्पताल के बाद कोरोना की जद में ब्लॉक कार्यालय भी आ गया है। शनिवार को बीडीओ कार्तिकेय मिश्र की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद ब्लॉक कार्यालय में हड़कंप मच गया। वहीं, सीएचसी के एक्सरे टेक्नीशियन भी कोरोना से संक्रमित पाए गए। बीडीओ और टेक्नीशियन के संक्रमित होने के बाद ब्लॉक कार्यालय और सीएचसी को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। रुद्रपुर सीएचसी पर एक दर्जन डॉक्टर और कर्मचारी कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। संक्रमण के बाद चौथी बार अस्पताल को दो दिन के लिए सील किया गया है।
रुद्रपुर क्षेत्र में करीब 300 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। यहां आरटी पीसीआर से अब तक 2600 लोगों का कोरोना टेस्ट कराया गया। इनमें से 191 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, 1309 लोगों का एंटीजन टेस्ट कराया गया। इनमें से 98 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नगर में कोरोना से एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमण की रफ्तार तेज होने के बाद भी एहतियात के तौर-तरीके नरम पड़ते जा रहे हैं। कोरोना सरकारी दफ्तरों को अपनी चपेट में तेजी से ले रहा है। इसमें स्वास्थ्य महकमा सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। पुलिस, तहसील कार्यालय और नगर पंचायत के कर्मचारी भी कोरोना से संक्रमित हो रहे हैं। पुलिस महकमे के सीओ सहित नौ सिपाही महामारी के चपेट में आकर उबर चुके हैं। वहीं, तहसील के नायब तहसीलदार भी कोरोना पॉजिटिव हुए थे। महामारी का प्रकोप तेजी से बढ़ने के बाद भी बाजार में सोशल डिस्टेंसिंग पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस बाबत सीएचसी के अधीक्षक डॉ दिनेश यादव ने कहा कि बीडीओ और एक्सरे टेक्नीशियन की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अस्पताल और ब्लॉक कार्यालय दो दिन बंद रहेगा।
पड़री पांडेय में फैला डर
पड़री बाजार। सलेमपुर ब्लॉक के पड़री पांडेय गांव में कोरोना के दो मरीज मिलने से लोगों में डर का माहौल है। देवरिया के रहने वाले एक शख्स गांव में हास्पिटल में कार्य करते हैं। कुछ दिनों से उनको बुखार आ रहा था। तीन दिन पहले वह जिला अस्पताल गए। जहां जांच करवाई, जिसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके अलावा गांव का एक और व्यक्ति उनके साथ काम करता था। वह भी पॉजिटिव आया है। दोनों का इलाज चल रहा है। इस संबंध में न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी अशद खान ने बताया कि दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इलाज चल रहा है।