आंधी में पोल गिरा, दो मोहल्लों की आपूर्ति ठप
टूटे पोल को बदलने के लिए देर शाम तक नहीं हो सका था इंतजाम
कई मोहल्लों में टूटा तार, रात तक बहाल की गई आपूर्ति
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। अचानक आई आंधी से चकियवा में हाईटेंशन तार का पोल सोमवार की शाम टूट गया। इससे अफरातफरी मच गई। संयोग ठीक था कि कोई हादसा नहीं हुआ। इसकी वजह से दो मोहल्ले की आपूर्ति ठप हो गई। वहीं कई मोहल्ले में तार टूटने से कुछ देर तक आपूर्ति प्रभावित रही।
शाम करीब पांच बजे अचानक आई आंधी से गर्मी से परेशान लोगों ने राहत महसूस किया। तार और पोल टूटने के कारण कई मोहल्ले की आपूर्ति ठप हो गई। चकियवा मोहल्ले के श्याम गैस एजेंसी के समीप हाईटेंशन तार वाला लोहे का पोल टूट गया। आंधी खत्म होने के बाद बिजली निगम के कर्मचारियों ने टूटे तार को ठीक कर आपूर्ति बहाल की, लेकिन देर शाम तक पोल ठीक नहीं हो सका था। इसके नेहरुनगर और चकियवा मोहल्ले के करीब 250 घरों की आपूर्ति प्रभावित रही। बिजली नहीं होने से मोहल्ले वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस बाबत जेई रोशन कुमार ने बताया कि पोल नीचे से जंग खा गया था। इसे बदलने के लिए कई बार उच्चाधिकारियों को सूचना दिया गया, लेकिन पोल नहीं बदला जा सका। इसके चलते आंधी में टूट गया। अभी तक पोल बदलने के लिए कोई इंतजाम नहीं हो सका है।