बैतालपुर ऑयल डिपो में हो रही तेल की घटतौली
12 केएल तेल टंकी तक पहुंचने में हो जा रहा 11.50 केएल
पेट्रोलियम ट्रेडर्स एसोसिएशन ने जताई नाराजगी, जांच की मांग
व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष ने डीएम को जांच को लिखा पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। बैतालपुर ऑयल डिपो से पेट्रोल पंपों पर भेजे जाने वाले डीजल और पेट्रोल में घटतौली की जा रही है। डिपो के आसपास सड़क के किनारे घटतौली करने वालों का गिरोह काफी दिनों से सक्रिय है। शिकायत के बावजूद कोई अफसर इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। पेट्रोलियम ट्रेडर्स एसोसिएशन की शिकायत पर व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता ने डीएम को प्रकरण की जांच कराने के लिए पत्र लिखा है।
बैतालपुर ऑयल डिपो से पूर्वांचल के अलावा नेपाल तक डीजल और पेट्रोल की सप्लाई दी जाती है। पेट्रोल पंपों पर भेजने वाले तेल में ट्रांसपोर्ट वर्करों और डिपो के जिम्मेदार घटतौली कर रहे हैं। काफी दिनों से इस समस्या से पेट्रोल पंप मालिका जूझ रहे हैं। पेट्रोलियम ट्रेडर्स एसोसिएशन गोरखपुर परिक्षेत्र के के जिलाध्यक्ष विश्वनारायण सिंह का आरोप है कि पेट्रोल पंप डीलर 12000 लीटर डीजल या पेट्रोल की मांग कर रहे हैं तो, पंप तक पहुंचने पर तेल कम हो जा रहा है। इसकी वजह से कारोबार में मुनाफे की जगह नुकसान पहुंच रहा है। डिपो मैनेजर लेकर कई जिम्मेदार अधिकारियों से इसकी शिकायत की गई, लेकिन विभागीय साठगांठ होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई। डिपो के पास सड़क के दोनो पटरियों पर अवैध तेल का धंधा और घटतौली करने वालों का धंधा पूर्ति विभाग और पुलिस की मिलीभगत से चल रहा है। डिपो से टैंकर निकलने के बाद बाहर तेल में खेल किया जाता है। व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता ने डीएम को पत्र भेजकर प्रकरण की गंभीरता से जांच कराने और अवैध तेल के धंधेबाजों पर कार्रवाई और घटतौली पर रोक लगाने का निर्देश दिया है। जिला पूर्ति अधिकारी विनय सिंह ने बताया कि घटतौली की शिकायत मिली है, इसकी जांच कराई जाएगी। अवैध तेल का धंधा करने वालों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।