सड़क, बांध और रेल लाइन के किनारें दिखेगी हरियाली
सलेमपुर रेंज में लगेंगे 7 लाख 76 हजार पौधे
सड़कों के किनारे पेड़ से मिलेगी गर्मी से निजात
जितेंद्रनाथ पांडेय
सलेमपुर। तीन ब्लॉकों में सड़कें, बंधे व रेल लाइन के किनारे खाली पड़ी जमीन अब हरा-भरा दिखेगी। पर्यावरण को बचाने के लिए वन विभाग सड़क की दोनों पटरियों, रेल लाइन के किनारे खाली भूमि व बंधों के किनारे पेड़ लगाएगा। इससे गर्मी व धूप में राहगीरों को राहत मिलेगी। इसके लिए सड़क के दोनों किनारों पर गड्ढों की खुदाई की जा चुकी है।
तेज धूप से बचने के लिए लोग छायादार पेड़ों की तलाश कर रहे हैं। सड़क के चौड़ीकरण के बाद काफी संख्या में पेड़ काट दिए गए। लोग गर्मी व धूप से बचाव के लिए पेड़ की तलाश कर रहे हैं। पर्यावरण को बचाने के लिए प्रदेश सरकार ने प्रदेश में 22 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसमें देवरिया को 40 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। सलेमपुर रेंज के तीन ब्लॉकों सलेमपुर, भागलपुर व लार में 7 लाख 76 हजार पौधे लगाए जाएंगे। एक ब्लॉक को दो लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। इसे पूरा करने के लिए वन विभाग से लेकर अन्य विभागों का भी सहयोग लिया जाएगा। वन विभाग ने सलेमपुर, भागलपुर व लार ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली सड़कों के किनारे, रेल लाइन के किनारे खाली जमीन व बंधों के किनारे पौधे लगाने के लिए 35 स्थान चिह्नित किया है। इन जगहों पर अर्जुन, शीशम, व सागौन लगाए जाएंगे। इसके लिए सलेमपुर-चेरो मार्ग, मधवापुर-चेरो मार्गों पर सड़क के दोनों तरफ गड्ढों की खुदाई कर दी गई है। पौधरोपण का कार्य जुलाई में होगा। इस बाबत वनरेज अधिकारी नर्वदेश्वर दूबे ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा सलेमपुर रेंज में 7.76 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है। इसके लिए सलेमपुर, लार व भागलपुर ब्लॉक के 35 स्थानों को चिह्नित किया गया है।