सड़क पर पड़े शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। शहर में फोर लेन पर शहीद गेट के पास एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई। बाइक सवार ई-रिक्शा से टकराकर सड़क पर गिरे थे। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने समझा-बुझाकर 20 मिनट बाद जमा हटवाया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के भतीजे इष्टदेव पांडेय की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। हादसे के समय बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
भलुअनी थानाक्षेत्र के सिसवां पांडेय गांव के रहने वाले नित्यानंद पांडेय (55) पुत्र हरिशंकर पांडेय परिवार सहित गोवा में प्राइवेट काम करते थे। पिछले दिनों वह घर आए थे। मंगलवार को किसी काम से शहर आ रहे थे। इसी दौरान दोपहर 11.45 बजे भटवलिया शहीद गेट के पास एक ई-रिक्शा को ओवरटेक करने लगे। इसी दौरान पीछे से गैस लदी एक ट्रक तेज गति से आ रही थी। हड़बड़ी में ई-रिक्शा से टकराने के बाद नित्यानंद पांडेय ट्रक के पिछले पहिया के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने आरोपी ट्रक चालक और खलासी दबोचकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे सदर कोतवाल यादवेंद्र बहादुर पाल और टीएसआई रामवृक्ष यादव ने लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस को नित्यानंद के पास से मिले कागजात से परिवारवालों को सूचना दी गई। सदर कोतवाल यादवेंद्र बहादुर पाल ने बताया कि ट्रक के नीचे आने से अधेड़ की मौत हुई है। केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
विपरीत दिशा में खड़ा मालवाहक बना हादसे का कारण
देवरिया। भटवलिया शहीद गेट के पास एक मालवाहक टेंपो विपरीत दिशा में सड़क पर खड़ा था। मालवाहन के खड़ा होने से ई-रिक्शा चालक थोड़ा दाहिने की तरफ गया। उसे ओवरटेक करने के चक्कर में नित्यानंद पांडेय अपनी बाइक लेकर और दाहिने चले गए। ट्रक डिवाडर से सटे लेन में तेज गति से आ रहा था। हड़बड़ी में ई-रिक्शा से टकराकर वह ट्रक के नीचे आ गए।
पत्नी की मौत के बाद घर आए थे नित्यानंद
देवरिया। पत्नी की किडनी खराब होने से गोवा में मौत हो गई। इसके बाद नित्यानंद पांडेय बच्चों को लेकर गांव आए थे। हादसे की सूचना से दोनों बेटियों और दोनों बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के दौरान मौजूद उनके रिश्तेदारों ने बताया कि पत्नी की मौत से वह सदमे में थे। गांव की मकान के हो रहे मरम्मत कार्य के लिए कुछ सामान खरीदने के लिए शहर जा रहे थे। सूचना पर बेटी गोल्डन 17, निधि 13, बेटा सत्यम 12 और शिवम 11 का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।