देवरिया। जिले में हाशिए पर खड़े समुदायों को समाज की मुख्यधारा में लाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक बड़ी पहल शुरू की है। पथरदेवा विकास खंड में विशेष अभियान के जरिए मुसहर समुदाय के परिवारों को नागरिकता के दस्तावेजों से लेकर छत तक मुहैया कराई गई है।
अभी तक कागजी कार्रवाई और जागरूकता के अभाव में मुसहर समुदाय के लोग सरकारी योजनाओं से वंचित रह जाते थे। इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए प्रशासन ने पथरदेवा ब्लॉक में विशेष कैंप के माध्यम से डोर-टू-डोर अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 153 बच्चों और व्यक्तियों के जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए। साथ ही 53 नए आधार कार्ड बनाए गए, जिससे अब इन परिवारों को राशन और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर जैसी सुविधाओं का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है। साथ ही इन परिवारों में से कुल 64 परिवारों को आवासीय पट्टे स्वीकृत किए गए हैं, जिससे उनकी भूमि संबंधी समस्या का समाधान हुआ है।