भटनी और खुखुंदू के तीन सौ गांवों में गुल रही बिजली
आधी रात को भरथुआ चौराहे के समीप 33 केवी लाइन का जंफर टूटने से आई दिक्कत
अमर उजाला ब्यूरो
खुखुंदू/भटनी। भरथुआ चौराहे के समीप 132/33 केवी लाइन का जंफर टूटने से भटनी और खुखुंदू उपकेंद्र से जुड़े तीन सौ से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति ठप रही। पूरी रात अंधेरे में रहे लोग गर्मी से परेशान रहे। जूनियर इंजीनियरों की हड़ताल की वजह से कोई अधिकारी शट डाउन लेने वाला नहीं था। लोगों की शिकायत पर सोमवार दोपहर जेई भटनी ने इसे सही कराया, लेकिन कुछ ही देर बाद पुन: फाल्ट होने से आपूर्ति बाधित हो गई। दो सप्ताह के अंदर तीसरी बार इस तरह का फॉल्ट हुआ है।
भटनी क्षेत्र में आए दिन होने वाले फॉल्ट के कारण इलाके की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ा गई है। रविवार रात को सलेमपुर से खुखुंदू और भटनी उपकेंद्र को आने वाले 132/33 केवी लाइन का जंफर भरथुआ के समीप टूट गया। इससे नगर समेत पूरे इलाके की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इसके अलावा वीरसिंहपुर गांव के सामने छोटी गंडक नदी के किनारे सोमवार शाम हाईटेंशन तार टूट गया। इससे बलुआ अफगान की विद्युत आपूर्ति शाम से बाधित है। उधर, जूनियर इंजीनियर संघ मांगों को लेकर हड़ताल पर है। विद्युत निगम सलेमपुर के एक्सईएन राममूरत ने बताया कि भरथुआ के पास कुछ दिक्कत होने से आपूर्ति ठप रही। सोमवार दोपहर को आपूर्ति बहाल कर दी गई।