देवरिया। ताजिया जुलूस के दौरान शुक्रवार को जिले के कुछ इलाकों में हिंसक घटनाएं हुईं। गौरी बाजार के रामपुर चौराहे पर एक किशोर के गले में तलवार लगने से मामला बिगड़ गया। इससे गुस्साए दूसरे पक्ष के लोग सड़क पर उतर आए और तोड़फोड़ की। लोगों ने जाम लगाने की भी कोशिश, लेकिन पुलिस की सतर्कता से नाकाम रहे। डीएम-एसपी ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। चौराहे पर फोर्स तैनात कर दी गई है।
गौरी बाजार थाना क्षेत्र के रामपुर कस्बे से शुक्रवार की शाम दसवीं मुहर्रम का जुलूस निकला। जुलूस में शामिल युवा तलवारबाजी व अन्य करतब दिखा रहे थे। देवकुआं लंगड़ी चौराहा निवासी सीताराम ओझा का पुत्र विशाल उर्फ कान्हा (14) भी रामपुर चौराहे पर खड़ा होकर करतब देख रहा था। शाम करीब साढ़े 6 बजे तलवारबाजी के दौरान एक युवक के हाथों से तलवार चौराहे पर खड़े विशाल की गर्दन पर लग गई। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना से गुस्साए दूसरे वर्ग के लोग हंगामा करने लगे। कुछ लोगों ने चौराहे पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। चौराहे की दुकानों व रास्ते से गुजर रहे वाहनों को नुकसान पहुंचाया। जाम लगाने की भी कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति संभालते हुए भीड़ को तितर-बितर किया। ताजिया जुलूस आगे रवाना करा दिया गया। कुछ देर में गौरी बाजार सहित जिला मुख्यालय से अतिरिक्त फोर्स पहुंच गई। डीएम अमित किशोर, एसपी एन. कोलांची, सीओ वरुण मिश्र सहित अन्य अफसरों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। देर शाम तक चौराहे पर फोर्स डटी रही।
---
फोटो-
---
ताजिया मिलान के दौरान भिड़े ताजियादार, तीन घायल
- रामपुर कारखाना के रामपुर हीरामन गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के रामपुर हीरामन गांव स्थित कर्बला में ताजिया मिलान के दौरान दो गांवों के ताजियादारों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ता गया और दोनों गांव के लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
रामपुर हीरामन गांव स्थित कर्बला में कई गांवों का ताजिया दफन किया जाता है। ताजिया मिलान के दौरान आगे-पीछे होने को लेकर विशुनपुरा और करमहा गांव के ताजियादारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मामला बढ़ गया और दोनों गांव के ताजियादार आपस में भिड़ गए। दोनों तरफ से जमकर मारपीट हुई। लाठी, डंडा और तलवार चलने से मेले में भगदड़ मच गई। मारपीट में करमहा गांव के हैदर, तबारक और मुन्ना गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव के लोग उन्हें जिला अस्पताल ले गए। यहां उनका उपचार चल रहा है। मारपीट की घटना में कई और लोगों को मामूली चोट आई हैं। विशुनपुर गांव के कुछ युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। रामपुर कारखाना के इंस्पेक्टर एके ओझा का कहना है कि ताजिया मिलान को लेकर दो गांव के लोग आपस में भिड़ गए थे। एक गांव के तीन लोग घायल हुए हैं। कुछ और लोगों को भी चोट आई है।
भाटपाररानी प्रतिनिधि के अनुसार खामपार थानाक्षेत्र के धरमखोर करन गांव निवासी अभिषेक कुमार (17) और धीरेंद्र (14) बगल के गांव में कर्बला में ताजिया दफन होते देखने गए थे। वहां पुरानी रंजिश में दोनों आपस में भिड़ गए। दोनों को गंभीर चोट लगी है। उन्हें पीएचसी पहुंचाया गया।