सांसद कलराज ने उठाया फोरलेन का मुद्दा
प्वाइंटर
गोरखपुर-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने की भी रखी मांग
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। श्रद्धांजलि सभा में सदर सांसद कलराज मिश्र ने गोरखपुर-देवरिया-सलेमपुर-बलिया मार्ग के फोरलेन निर्माण को शीघ्र पूरा कराने की मांग रखी। इसके लिए समय सीमा तय करने को भी कहा। सांसद ने कहा कि यह सड़क काफी समय से बन रही है, लेकिन धीमी गति के कारण पूरी नहीं हो पा रही है। राहगीर परेशान हैं। समय से इसका निर्माण पूरा कराते हुए इसे राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में स्वीकृत कराएं।
सांसद ने हरिकेवल प्रसाद के साथ बीते दिनों की यादें साझा करते हुए कहा कि डॉ. लोहिया के सपनों को साकार करने की जो संकल्पना पूर्व सांसद हरिकेवल प्रसाद ने की थी, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरिकेवल प्रसाद ने अपना पूरा जीवन सामाजिक कार्यों और गरीबों-असहायों के लिए समर्पित कर दिया। वे लोकसभा में गरीबों और पिछड़ों की आवाज बुलंद किया करते थे। इमरजेंसी के दौरान हरिकेवल और मैं देवरिया जेल में बंद रहे। आयोजन के दौरान सांसद ने डिप्टी सीएम से पयासी-मझौलीराज छोटी गंडक पर पक्का पुल निर्माण की वित्तीय स्वीकृति देने, भटनी बाईपास से नोनापार पयासी होते हुए सलेमपुर तक की सड़क को चौड़ा कराने की मांग उठाई। भटनी-भिंगारी मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य शुरू कराने की मांग की। सड़कों के मामले में कुशीनगर और देवरिया को समृद्ध बनाने की मांग की।
-------
संगठन के पदाधिकारियों से नहीं मिले डिप्टी सीएम
श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने से पूर्व डिप्टी सीएम को डाक बंगले पर जिले के पदाधिकारियों से मुलाकात करनी थी, लेकिन वहां जाने के बजाए वे सीधे बापू इंटर कॉलेज पहुंचे और विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि समयाभाव के चलते वे पदाधिकारियों से मुलाकात नहीं कर सके।
-------
सलेमपुर में मेडिकल कॉलेज के लिए नारेबाजी
पहल सेवा संस्था के युवकों ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से सलेमपुर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराने की मांग की। युवकों ने ‘मेडिकल कॉलेज हमारा है और हमारा रहेगा’ का नारा पंडाल में लगाया। सलेमपुर सांसद रविंद्र कुशवाहा के कहने पर युवक शांत हुए। डिप्टी सीएम ने कहा के अभी देवरिया में मेडिकल कॉलेज बन रहा है। सलेमपुर में भी वक्त आने पर बन जाएगा।
------
गीत की प्रस्तुति ने किया भाव विभोर
देवरिया/सलेमपुर। बापू इंटर कॉलेज में आयोजित पूर्व सांसद हरिकेवल प्रसाद की पुण्यतिथि कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को आयोजक सांसद रविंद्र कुशवाहा ने गदा और जयनाथ कुशवाहा ने प्रतिमा देकर स्वागत किया। गायक सुनील स्नेही ने पूर्व सांसद हरिकेवल प्रसाद के संघर्षों पर केंद्रित गीत प्रस्तुत कर लोगों को भाव विभोर कर दिया। कार्यक्रम में देवरिया के अलावा बलिया के नेता भी पहुंचे थे। मंच से लेकर गेट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे। डीएम और एसपी मंच पर सक्रिय नजर आए।
---------------
एक घंटे जाम में परेशान हुए लोग
कार्यक्रम खत्म होने के बाद सलेमपुर और देवरिया मार्ग पर एक घंटे जाम लगा रहा है। इसकी वजह से राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस के प्रयास से जाम खत्म कराया गया।
---------
डिप्टी सीएम को मांगपत्र सौंपा
सलेमपुर। बापू इंटर कॉलेज में केशव प्रसाद मौर्य को विभिन्न संगठनों ने पत्रक सौंपा। बीपीएड संघ के जिलाध्यक्ष लोकपति द्विवेदी पंकज के नेतृत्व में पहुंचे बीपीएड डिग्रीधारकों ने डिप्टी सीएम से भर्ती पर लगी रोक हटाने की मांग की। कहा कि 18 सितंबर तक भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो 19 को विधानसभा के सामने प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान देवेश मिश्रा, दुर्गेश गुप्ता, राकेश यादव, सत्यम पांडेय मौजूद रहे। समाजसेवी दयाराम भाई ने भटनी की बंद पड़ी चीनी मिल चलाने की मांग की। इनका आरोप है कि एक साल पहले भी भाटपाररानी में आए डिप्टी सीएम से चीनी मिल चलाने की मांग की गई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। राष्ट्रीय नाई महासभा के जिलाध्यक्ष राममूरत शर्मा के नेतृत्व में भी मांगपत्र सौंपा। इसमें नाई सभा के उत्थान की मांग की गई।
---------------
डिप्टी सीएम के लिए देवगांव इंटर कॉलेज में बना हैलीपैड
- गौरी बाजार में नवनिर्मित उपरिगामी सेतु का करना था उद्घाटन
- कार्यक्रम अचानक निर्धारित होने से परेशान रहे अफसर
अमर उजाला ब्यूरो
गौरी बाजार। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा गौरी बाजार में नवनिर्मित उपरिगामी सेतु के उद्घाटन की सूचना मिलते ही अफरातफरी मच गई। चंद्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज देवगांव के मैदान में हेलीपैड निर्माण से लेकर सारे विभागों के कर्मचारी-अफसर आधे-अधूरे काम पूरा कराने में जुट गए। नगर पंचायत की ओर से साफ-सफाई की की गई। कार्यक्रम स्थल को झंडे-पताका तथा फूल-मालाओं से सजाया गया। आननफानन में बिजली की व्यवस्था की गई।
लोक निर्माण विभाग ने हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सड़कों पर बने गड्ढे भरने के लिए रोलर लगा दिए थे। सेतु निगम के कर्मचारी गौरी बाजार पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग पर बने उपरिगामी सेतु से लेकर कार्यक्रम स्थल तक रंगाई-पुताई करने लगे। जिलाधिकारी अमित किशोर, उप जिलाधिकारी रामकेश यादव, पुलिस अधीक्षक एन. कोलांची, सदर विधायक जन्मेजय सिंह ने हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक निरीक्षण किया। सेतु निगम गोरखपुर परिक्षेत्र देवरिया इकाई के मुख्य परियोजना प्रबंधक दीपक गोविल, अधिशासी अभियंता गौरी बाजार बृजेश कुमार एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारी-अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे। उद्घाटन स्थल के समीप सेतु निगम की ओर से एक मंच का निर्माण किया गया था।