देवरिया। फुटबॉल के खेल को बढ़ावा देने के लिए बेसिक शिक्षा परिषद ने बीड़ा उठाया है। विभाग की ओर से हर प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय में दो फुटबॉल उपलब्ध कराया जाएगा।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से पांच सितंबर को हर प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय में क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया था। इसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिला। इसको देखते हुए ऑल इंडिया फेडरेशन की ओर से परिषदीय विद्यालयों में खेलकूद को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। बेसिक शिक्षा निदेशक की ओर से सभी मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक और बीएसए को पत्र लिखकर सभी विद्यालयों में दो-दो फुटबॉल उपलब्ध कराने का आदेश दिया है। बीएसए उपेंद्र कुमार का कहना है कि शिक्षा निदेशक का आदेश मिलने के बाद सभी विद्यालयों में फुटबॉल उपलब्ध कराने का आदेश दे दिया गया है।
बनेगी सशक्त टीम
हर विद्यालय में फुटबॉल खेल के लिए टीम बनेगी और नियमित मैच होंगे। सप्ताह में कम से दो से तीन दिन खेल का आयोजन होगा। फरवरी और मार्च में राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसमें सभी जनपदों की अंडर-14 टीम भाग लेंगी।