सलेमपुर। एक गांव में सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। एक लाख रुपये नकदी समेत करीब 15 लाख का जेवर चोर समेट ले गए। घर पर मुखिया के पहुंचने पर इसकी जानकारी शुक्रवार को हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने चोरी की जानकारी ली।
कोतवाली क्षेत्र के मिश्रौली गांव निवासी विंध्यवासिनी तिवारी का परिवार मुंबई रहता है। दीपावली के त्योहार पर परिवार के सदस्य घर पर आए थे और चले गए। शुक्रवार को विंध्यवासिनी तिवारी घर पहुंचे तो मेन दरवाजे का ताला टूटा था। अंदर गए तो सभी कमरों में रखा बॉक्स और आलमारी का लॉक टूटा था। इसमें रखा सामान बिखरा था। शोर मचाने पर गांववालों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मौके का मुआयना किया। पीड़ित की मानें तो घर में सोने और चांदी का गहना रखा गया था। कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी जा रही है। इसके अलावा एक लाख रुपये नकद था। चोरी की घटना से गांव में खलबली मच गई है। कोतवाल विजय सिंह गौर ने बताया कि मामला संज्ञान में है। छानबीन की जा रही है।