रुद्रपुर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के बैनर तले मंगलवार को रुद्रपुर तहसील के लेखपाल हड़ताल पर रहे। छह सूत्री मांगों को लेकर लेखपालों ने तहसील परिसर में नारेबाजी की। उन्होंने प्रदेश सरकार पर लेखपालों की मांगों को लेकर हीलाहवाली करने का आरोप लगाया।
लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष रवि कुमार के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार से लेखपालों का पदनाम बदल कर राजस्व निरीक्षक करने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं हुई। एसीपी की विसंगतियों को दूर नहीं किया जा रहा, जिससे लेखपालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान समय में लैपटॉप और स्मॉर्टफोन के बिना कोई भी कार्य करना मुमकिन नहीं है। ऐसे में लेखपालों को स्मार्ट फोन और लैपटॉप उपलब्ध कराया जाए। वर्ष 2005 के बाद नियुक्त लेखपालों को पुरानी पेंशन व्यवस्था का लाभ देने की कार्यवाही शुरू की जाए। लेखपालों ने मांग पूरा नहीं होने पर सात नवंबर से बृहद आंदोलन करने को कहा। धरनारत लोगों में अध्यक्ष रवि कुमार, मंत्री कृष्णमुरारी पांडेय, प्रहलाद प्रसाद, मुबारक खान, अजीत पांडेय, अमित उपाध्याय, रामनरेश, सच्चिदानंद आदि मौजूद रहे।