भटनी। दो रेलवे लाइन के बीच में दो युवकों की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। एक युवक की जेब से युवक और किसी युवती का एक साथ का फोटो मिला। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस जहां ट्रेन से गिरने से मौत की बात कह रही है, वहीं लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं।
छपरा-भटनी रेलखंड पर दो लाइनों के बीच में दो युवकों की लाश मिली। दोनों युवकों की उम्र 18 और 19 है। मंगलवार की रात करीब 11 बजे गोरखपुर से भटनी पहुंची मालगाड़ी के चालक ने मेमो के जरिए आरपीएफ को दो रेलवे लाइनों के बीच युवकों की लाश होने की जानकारी दी। मौके पर आरपीएफ पहुंची और लोकल पुलिस को जानकारी दी। रात को पहुंची पुलिस ने युवकों के जेब की तलाशी ली। एक युवक के जब से एक तस्वीर मिली। इसमें युवक के साथ एक युवक का फोटो है। इसके अलावा पहचान पत्र या मोबाइल नहीं मिली। जानकारी होने पर बुधवार को सुबह गांववालों की भीड़ जुट गई। मौका देखने से प्रतीत हो रहा था कि दोनों की हत्या कर लाश रेलवे लाइन के पास फेंक दिया गया है। लोगों का मानना है कि अगर दोनों युवक ट्रेन के मुसाफिर होते तो जेब में पहचान पत्र, मोबाइल रहता। सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम देने के बाद इसे दुर्घटना का रूप दिया गया है। एसओ विजय नारायण ने बताया कि ट्रेन से कटने से युवकों की मौत हुई है। शिनाख्त नहीं हो सकी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।